Patna News: पटना जिले के मनेर नगर परिषद क्षेत्र में गुरुवार को अतिक्रमण के खिलाफ नगर प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया. दानापुर-मनेर-बिहटा स्टेट हाईवे के दोनों किनारों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया. कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
कई स्थानों पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
नगर प्रबंधक जितेंद्र कुमार और पंकज कुमार के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से यह अभियान चलाया गया. अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पड़ावपर, भगत सिंह स्मारक मोड़, राम नगीना सिंह मोड़, मनेर थाना के पास, गांधी हाट मोड़ समेत कई प्रमुख स्थानों पर की गई. प्रशासन ने सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं, फल विक्रेताओं, गुमटी संचालकों, ठेला चालकों और अन्य लोगों को हटाया. इस दौरान कई अस्थायी ढांचों को भी हटाया गया.
बुलडोजर देखते ही सामान लेकर भागे अतिक्रमणकारी
अभियान के दौरान प्रशासन की कार्रवाई को देखते ही कई अतिक्रमणकारी अपना सामान समेटकर भागते नजर आए. बुलडोजर पहुंचने के बाद काफी देर तक इलाके में हड़कंप की स्थिति बनी रही. कार्रवाई के दौरान एक ठेला भी ध्वस्त कर दिया गया.
जाम की समस्या से परेशान था प्रशासन
नगर प्रबंधक पंकज कुमार ने बताया कि नगर परिषद की ओर से लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है. अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस और अल्टीमेटम दिया गया था. इसके अलावा कई लोगों से जुर्माना भी वसूला गया था, लेकिन इसके बावजूद सड़क किनारे अतिक्रमण जारी रहा.
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण स्टेट हाईवे पर सुबह से लेकर देर शाम तक जाम की समस्या बनी रहती थी, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था. इसी को देखते हुए दोबारा विशेष अभियान चलाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. अभियान के दौरान नगर परिषद के कर्मी चंदन कुमार गुप्ता, सागर यादव, मोहम्मद इमरान सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
