Patna News : दानापुर नगर परिषद प्रशासन ने गुरुवार को लगातार दूसरे दिन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए शहर के व्यस्त सगुना मोड़ से रामजयपाल मोड़ तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया. अभियान के दौरान बुलडोजर चलाकर स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया तथा अतिक्रमणकारियों से 12,500 रुपये जुर्माना भी वसूला गया.
दुकानदारों और अधिकारियों के बीच हुई बहस
अभियान के दौरान कई स्थानों पर दुकानदारों और अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई. कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई रोकने के लिए आग्रह किया, लेकिन प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए अभियान जारी रखा. वहीं कई लोगों ने स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटा लिया.
बुलडोजर से हटाई गई गुमटियां और झोपड़ियां
नगर परिषद की टीम ने सड़क किनारे बनी स्थायी एवं अस्थायी झोपड़ियों और गुमटियों को बुलडोजर से ध्वस्त किया. कई दुकानों और सामान को ट्रैक्टर पर लादकर हटाया गया, ताकि सड़क को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जा सके.
12,500 रुपये जुर्माना वसूला गया
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) रवि कुमार के नेतृत्व में चले अभियान में सफाई निरीक्षक संजय कुमार, अमीन, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की मौजूदगी रही. इस दौरान अतिक्रमणकारियों से कुल 12,500 रुपये जुर्माना वसूला गया.
पूरे नगर में चलेगा अभियान
कार्यपालक पदाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि सगुना मोड़ से रामजयपाल मोड़ तक सड़क के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाया गया है. उन्होंने कहा कि पूरे नगर को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा, ताकि शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुगम बनाया जा सके.
