Extortion demand from a builder in Patna : पटना के पुनाईचक इलाके में अपार्टमेंट निर्माण करा रहे बिल्डर से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. सांई कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर रितेश रंजन उर्फ बिट्टू सिंह ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है.
शकुन्तला अपार्टमेंट का निर्माण रोकने का दबाव
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह गोल रोड टी-प्वाइंट के पास शकुन्तला अपार्टमेंट का निर्माण करा रहे हैं. इसके लिए 18 नवंबर 2024 को रजिस्टर्ड डेवलपमेंट डीड का निष्पादन किया गया था. रेरा समेत अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद अपार्टमेंट का निर्माण कराया जा रहा है.
आरोप है कि इसी दौरान एक बदमाश और उसके गिरोह के लोगों की ओर से निर्माण कार्य रोकने का दबाव बनाया जाने लगा.
निर्माण जारी रखने के लिए मांगी रंगदारी
शिकायत में कहा गया है कि निर्माण कार्य जारी रखने के एवज में दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है. रकम नहीं देने पर बिल्डर को जान से मारने की धमकी दी गयी है.
रितेश रंजन का आरोप है कि 12 सितंबर की रात करीब 11:56 बजे आरोपी के मोबाइल नंबर से उनके मोबाइल पर फोन आया और धमकी दी गयी.
जमीन कब्जाने समेत अन्य आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोपी पर जमीन कब्जाने, रंगदारी मांगने और अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त होने के आरोप भी लगाये हैं. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गयी है.
पुलिस कर रही आरोपों की जांच
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस शिकायत में लगाये गये आरोपों की सत्यता और फोन कॉल समेत अन्य बिंदुओं की पड़ताल कर रही है.
