BPSC TRE-4: पटना में एक बार फिर बीपीएससी टीआरई के अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज किया गया. BPSC TRE-4 का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर हजारों की संख्या में अभ्यर्थी प्रदर्शन करने के लिए सड़क पर उतरे थे. उन्हें रोकने के लिए पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग भी की गई थी. लेकिन गुस्साए अभ्यर्थियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की.
अभ्यर्थियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज
इस दौरान अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को उग्र होता देख उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने खदेड़ दिया. पुलिस ने अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज किया. कई छात्र इसमें घायल हुए हैं. इसके साथ ही कई अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया है. इतना ही नहीं, छात्र नेता दिलीप की गिरफ्तारी की भी खबर है. जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज किया है.
शिक्षा विभाग के नए मंत्री के लिए चुनौती
बिहार के नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार को शपथ ग्रहण किया. शिक्षा विभाग के मंत्री बनते ही अभ्यर्थियों का प्रदर्शन कहीं ने कहीं मिथिलेश तिवारी के लिए चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है. BPSC TRE-4 के तहत लगभग 46 हजार 595 पदों पर भर्ती होने वाली है. लेकिन अब तक विज्ञापन नहीं निकाले जाने की वजह अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा. वे अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे रहे.
छात्र नेता ने कहा- अभ्यर्थियों को बरगलाया जा रहा
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता दिलीप ने यह भी कहा कि बिहार के नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी बने हैं. युवाओं के लिए उन्हें काम करना चाहिए. बीपीएससी परीक्षा नियंत्रक की ओर से 16 अप्रैल को एक पॉडकास्ट में यह दावा किया गया था कि BPSC TRE-4 का विज्ञापन तीन से चार दिनों में जारी कर दिया जाएगा. लेकिन आज 8 मई हो चुका है और अब तक विज्ञापन जारी नहीं किया गया है. सिर्फ अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया जा रहा है और उन्हें बरगलाया जा रहा.
Also Read: जनसेवा एक्सप्रेस में अब मिलेगी LHB कोच की सुविधा, 16 मई से होगा ये बदलाव
