संवाददाता, पटना बीपीएससी ने विद्यालय अध्यापक नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा (विज्ञापन संख्या-22/2024) के अंतर्गत उन अभ्यर्थियों को एक और अवसर दिया है, जिन्होंने अपने ऑनलाइन आवेदन में गलत प्रमाण-पत्र या दस्तावेज अपलोड कर दिया था. आयोग ने बताया कि शिक्षा विभाग, बिहार द्वारा सात मार्च को भेजी गयी सूचना के आधार पर उन अभ्यर्थियों की सूची जारी की गयी है, जिनके दस्तावेजों में त्रुटि पायी गयी है. ऐसे अभ्यर्थी 11 से 16 मार्च के बीच अपने सही प्रमाणपत्र को राजपत्रित पदाधिकारी से प्रमाणीकरण करवाकर पुनः आयोग के पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं. बीपीएससी ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को अपने लॉगिन से दस्तावेज डाउनलोड करने के बाद आयोग के वाटरमार्क अंकित प्रति को सुरक्षित रखना होगा. यह मौका उन अभ्यर्थियों के लिए राहतभरी खबर है, जिनकी काउंसेलिंग में गलती के कारण परेशानी हो रही थी और उनका वेरिफिकेशन नहीं हो पा रहा था. अब वे सही दस्तावेज अपलोड कर अपनी नियुक्ति प्रक्रिया को सुचारू बना सकते हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
