पटना: पुनपुन नदी में नहाने के दौरान डूबे युवक का शव बरामद, पत्नी ने दोस्तों पर लगाया डुबोने का आरोप

गौरीचक थाना क्षेत्र में पुनपुन नदी में नहाने गए धर्मेंद्र की डूबने से मौत हो गई. सोमवार देर रात शव बरामद हुआ. उनकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है, खासकर उनकी छह माह की गर्भवती पत्नी और दो छोटे बच्चों के लिए.

Patna News : पटना जिले के फुलवारी शरीफ के गौरीचक थाना क्षेत्र के लंका कछुआरा गांव के समीप उफनती पुनपुन नदी में डूबे युवक धर्मेंद्र कुमार का शव सोमवार देर रात बरामद कर लिया गया. मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. धर्मेंद्र की मौत से परिवार पर दुख के साथ आर्थिक संकट भी टूट पड़ा है. उनकी पत्नी छह माह की गर्भवती हैं और दो छोटे बच्चों की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर आ गयी है.

मेला घूमने के बाद नदी में नहाने गये थे

गौरीचक थानाध्यक्ष सुमन कुमार के अनुसार, 24 अगस्त को सावन की अंतिम सोमवारी पर सोहगी रामपुर निवासी संजीव कुमार, रामपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार और कन्हाई कुमार बाइक से चंडासी स्थित अर्धनारीश्वर मंदिर का मेला घूमने गये थे. मेला घूमने के बाद तीनों लंका कछुआरा के पास पुनपुन नदी में स्नान करने लगे. इसी दौरान धर्मेंद्र गहरे पानी में चले गये और तेज धारा की चपेट में आकर डूब गये.

साथियों ने बचाने की कोशिश,लेकिन तेज बहाव में बह गये

साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी का बहाव तेज होने के कारण सफलता नहीं मिली. सूचना मिलने के बाद गौरीचक पुलिस ने ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू करायी. बाद में एसडीआरएफ की टीम भी खोज अभियान में जुटी. घंटों की मशक्कत के बाद सोमवार देर रात धर्मेंद्र का शव नदी से बरामद हुआ.

पत्नी ने दोस्तों पर लगाया जानबूझकर डुबोने का आरोप

धर्मेंद्र की मौत के बाद उनकी पत्नी तनुजा ने पति के दोस्तों पर जानबूझकर नदी में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने पत्नी के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष ने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

धर्मेंद्र की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी. उनके दो छोटे बच्चे हैं और पत्नी तनुजा छह माह की गर्भवती हैं. धर्मेंद्र मजदूरी कर पत्नी, बच्चों और मां का भरण-पोषण करते थे. उनकी मौत के बाद परिवार में कमाने वाला कोई नहीं बचा है.

परिजन बताते हैं कि परिवार कच्चे मकान में रहता है. पति की मौत के बाद तनुजा के सामने बच्चों की परवरिश, पढ़ाई और आने वाले बच्चे के भविष्य की चिंता खड़ी हो गयी है. धर्मेंद्र पांच भाइयों में एक थे, लेकिन सभी अलग-अलग रहते हैं. ऐसे में परिवार को रोजमर्रा के खर्च के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

गहरे पानी में न जाने की अपील

धर्मेंद्र का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है. इधर, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पुनपुन और दरधा नदी का जलस्तर बढ़ने तथा तेज धारा के दौरान नदी में स्नान करने से बचें. बच्चों और युवाओं को गहरे पानी में जाने से रोकने की अपील भी की गयी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >