पटना सिटी. अगमकुआं थाना क्षेत्र के वृंदावन कॉलोनी स्थित सिंघाड़ा (पानी फल) के खेत से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान जयपुर धनुकी गांव निवासी स्वर्गीय मुदारिक महतो के 30 वर्षीय पुत्र रमेश महतो के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज (एनएमसीएच) भेज दिया है.
डूबने से मौत की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, रविवार को स्थानीय लोगों ने सिंघाड़ा के खेत में शव पड़े होने की सूचना दी थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने पानी में डूबे शव को बाहर निकाला और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की. प्रारंभिक जांच में युवक की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस ने कहा है कि परिजनों के आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
हाजीगंज में सड़क किनारे मिला अज्ञात अधेड़ का शव
वहीं, चौक थाना क्षेत्र के हाजीगंज स्थित लक्की बिस्कुट मोड़ के पास सड़क किनारे एक अज्ञात अधेड़ का शव भी बरामद हुआ है. करीब 55 वर्षीय व्यक्ति का शव निर्वस्त्र अवस्था में मिलने से इलाके में चर्चा का विषय बन गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेज दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस का कहना है कि अज्ञात अधेड़ की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में बीमारी से मौत की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा. दोनों मामलों में पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
