बिक्रम प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बिक्रम प्रखंड बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता मॉन्टी ने दोनों कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी और पदाधिकारी अनुपस्थित मिले. बीस सूत्री अध्यक्ष ने इसे गंभीरता से लेते हुए अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने और उनसे कारण बताओ स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश जारी किया.
अनुपस्थित कर्मियों के नाम पत्र में दर्ज
औचक निरीक्षण के बाद जारी पत्र में उपस्थित और अनुपस्थित कर्मचारियों के नाम दर्ज किये गये हैं. अनुपस्थित पाये गये कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं. बीस सूत्री अध्यक्ष ने कहा कि कार्यालय समय में बिना उचित कारण अनुपस्थित रहना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा.
मनमाने ढंग से कार्यालय आने की मिल रही थी शिकायत
बीस सूत्री अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता मॉन्टी ने कहा कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ कर्मचारी मनमाने ढंग से कार्यालय आते हैं. इससे आम लोगों को सरकारी योजनाओं और जरूरी सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी होती है. जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए औचक निरीक्षण किया गया.
समयबद्ध उपस्थिति और जवाबदेही पर जोर
निरीक्षण के बाद बीस सूत्री अध्यक्ष ने कहा कि यह सुशासन का राज है. सरकारी कार्यालयों में कार्य संस्कृति और समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में नियमित उपस्थिति और जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है.
कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने किया स्वागत
काफी वर्षों बाद प्रखंड और अंचल कार्यालय में इस तरह की कार्रवाई होने से स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का माहौल है. लोगों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे कार्यालयों में अनुशासन बढ़ेगा और आम जनता के काम समय पर पूरे होने की उम्मीद है. स्थानीय नागरिकों ने भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रखने की उम्मीद जतायी.
