बिहटा के तारानगर में दो दिवसीय श्रमिक चौपाल का समापन, श्रमिकों को सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

बिहटा प्रखंड के तारानगर पंचायत में आयोजित दो दिवसीय श्रमिक चौपाल कार्यक्रम का समापन हुआ. इस दौरान श्रमिकों और युवाओं को केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. ई-श्रम कार्ड, आधार कार्ड, और अन्य सरकारी लाभों के पंजीकरण की प्रक्रिया समझाई गई.

Patna News: बिहटा प्रखंड के तारानगर पंचायत अंतर्गत अख्तियारपुर गांव में राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड, पटना (श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय श्रमिक चौपाल एवं जागरूकता कार्यक्रम का मंगलवार को समापन हो गया. 20 से 21 जुलाई तक आयोजित इस कार्यक्रम में श्रमिकों एवं युवाओं को केंद्र सरकार की विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई.

कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को ई-श्रम कार्ड, आधार कार्ड, सीएससी पोर्टल के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं, रोजगारपरक योजनाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं में पंजीकरण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया. इसके साथ ही उन्हें उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के प्रति जागरूक किया गया.

सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया जागरूक

राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड के निदेशक विनोद जोशी के निर्देशन तथा समिति मित्र अमित कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस जागरूकता अभियान में श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और अन्य सरकारी सुविधाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई. वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए समय पर पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी होना बेहद जरूरी है.

बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रमिक और ग्रामीण

कार्यक्रम के समापन समारोह में तारानगर पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य अजय पासवान, भाजपा नेता विपिन बिहारी, समाजसेवी नीपू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रमिक उपस्थित रहे.

आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से श्रमिकों में सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी. साथ ही इससे श्रमिकों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में भी मदद मिलेगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Monu Kumar Mishra

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >