मसौढ़ी/पुनपुन (पटना). आगामी 25 सितंबर से शुरू हो रहे विश्वप्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पितृपक्ष मेले को लेकर पुनपुन नगर पंचायत प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. देश-विदेश से आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सहूलियत के लिए नगर पंचायत ने बुनियादी सुविधाओं को चाक-चौबंद करना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में शनिवार को पिंडदान घाट स्थित सार्वजनिक शौचालय के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया गया, साथ ही अलाउद्दीनचक में सड़क व नाला निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास हुआ.
पिंडदान घाट पर श्रद्धालुओं को मिलेगी स्वच्छ सुविधा
पितृपक्ष महासंगम के दौरान पुनपुन नदी के पावन तट पर तर्पण व पिंडदान के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. घाट पर स्वच्छता और जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक शौचालय की आवश्यक मरम्मती और कायाकल्प का कार्य पूरा कराया गया. शनिवार को नगर पंचायत के मुख्य पार्षद रितेश कुमार ने इसका विधिवत उद्घाटन कर आम जनता और तीर्थयात्रियों को समर्पित किया, ताकि मेले के दौरान किसी को असुविधा न हो.
14.15 लाख से अलाउद्दीनचक में बनेगी सड़क व नाला
इसके साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र के अलाउद्दीनचक में सड़क एवं नाला निर्माण कार्य की भी शुरुआत कराई गई. इस महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा योजना पर कुल 14 लाख 15 हजार 200 रुपये खर्च किए जाएंगे. सड़क के साथ पक्का नाला बनने से जहां स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुगमता होगी, वहीं लंबे समय से बनी जलजमाव की गंभीर समस्या से भी स्थायी निजात मिलेगी. दोनों योजनाओं का शुभारंभ मुख्य पार्षद ने शिलापट्ट का अनावरण कर किया.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुकम्मल इंतजाम
उद्घाटन व शिलान्यास के दौरान मुख्य पार्षद रितेश कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय पितृपक्ष मेले को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन अपनी ओर से हर स्तर पर पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है. घाटों की सफाई, पेयजल, रोशनी और सुरक्षा के तमाम प्रबंध समय रहते पूरे कर लिए जाएंगे. इस मौके पर उप मुख्य पार्षद राज कुमार, पार्षद कोमल कुमारी, सुधीर कुमार, विनय कुमार सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी पुष्कर कुमार पुष्प, सिटी मैनेजर अरविंद पांडेय तथा नीरज गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
