बिहार में बदला मौसम का मिजाज, 20 जिलों में बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट, 50 KMPH की रफ्तार से चल सकती है हवा

Bihar Weather Update: बिहार में मौसम ने करवट ले ली है. राज्य के 20 जिलों में रविवार को बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Bihar Weather Update: बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. राज्य के 20 जिलों में रविवार को बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बिहार में धीरे-धीरे प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो रही हैं. इसी वजह से कई हिस्सों में बादल, आंधी और हल्की बारिश की स्थिति बन रही है. हालांकि राज्य के बाकी 18 जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है, जहां फिलहाल मौसम सामान्य रहने की संभावना है.

पटना में बढ़ेगी गर्मी और उमस

पटना में अगले चार दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक 18 और 19 मई को तापमान बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि 20 मई को पारा 39 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है.

हालांकि आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन उमस और तेज धूप लोगों की परेशानी बढ़ाएगी. न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा. दिन में गर्म हवाएं और रात में बढ़ती नमी से लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.

इस बार समय से पहले आ सकता है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार इस साल बिहार में मानसून की एंट्री सामान्य से पहले हो सकती है. अनुमान है कि 8 से 10 जून के बीच मानसून बिहार पहुंच सकता है, जबकि आमतौर पर राज्य में मानसून 12 से 15 जून के बीच दस्तक देता है. वहीं केरल में भी मानसून 26 मई तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जो तय समय से करीब पांच दिन पहले होगा.

मौसम विभाग की लोगों को सलाह

मौसम खराब होने के दौरान लोगों से खुले स्थानों पर नहीं जाने की अपील की गई है. आंधी और बिजली चमकने के समय पेड़ों, बिजली के खंभों और बड़े होर्डिंग्स से दूर रहने को कहा गया है. किसानों को भी मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है. खेतों में काम कर रहे लोग मौसम बिगड़ते ही सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और कटी हुई फसलों को सुरक्षित जगह पर रखें.

इसके अलावा बिजली चमकने के दौरान घरों में रहने और टीवी, फ्रिज जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग मुख्य बोर्ड से निकाल देने की सलाह दी गई है.

Also Read: बिहार में कब पहुंचेगा मानसून? मौसम विभाग ने पूरे राज्य में जारी किया अलर्ट, जानिए आपके शहर का मौसम कैसा रहेगा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >