बिहार में अप्रैल से जून तक रह सकती है हीट वेव की स्थिति, मुख्य सचिव ने 10 विभागों को अभी ही किया अलर्ट

Bihar Weather: बिहार के जिलों का पारा अभी ही 30 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर चला गया है. इसके साथ ही अप्रैल से जून तक हीट वेव जैसी स्थिति रहने की संभावना जताई गई है. लेकिन इससे पहले ही राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने 10 विभागों को अलर्ट कर दिया है.

Bihar Weather: बिहार में इस साल अप्रैल से जून तक भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है. साथ ही तेज लू की स्थिति भी बन सकती है. इसे देखते हुए राज्य सरकार ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं. इससे निपटने के लिए एक्शन प्लान बनाने के लिए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कई महत्वपूर्ण विभागों के प्रमुखों के साथ बैठक की.

इसमें स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण (पीएचईडी), परिवहन, ऊर्जा, शिक्षा, नगर विकास एवं आवास, मौसम समेत 10 विभागों के प्रधान सचिव या सचिव शामिल थे. मौसम विभाग ने बताया कि इस बार अप्रैल के मध्य से लेकर मई-जून तक हीट वेव की स्थिति बन सकती है. मुख्य सचिव ने कहा कि मानसून में कम वर्षा के चलते नालंदा, गया, रोहतास आदि में अभी से ही तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है.

10 विभागों को दिया गया ये आदेश

मुख्य सचिव ने कहा कि सभी विभाग पहले से तैयार एसओपी के आधार पर तुरंत काम शुरू कर दें. नगर विकास एवं आवास विभाग से कहा गया कि बस स्टैंड, बाजार, चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की जाए. जरूरत पड़ने पर टैंकरों से पानी की आपूर्ति कराने की व्यवस्था हो. सभी पेयजल पाइपलाइनों की मरम्मत सुनिश्चित करते हुए पानी के टैंकर भी पर्याप्त तैयार रखें.

साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी निर्देश दिया गया कि अप्रैल शुरू होने से पहले सभी सिविल सर्जन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों की बैठक की जाए. हर स्वास्थ्य केंद्र पर ओआरएस की पूरी व्यवस्था हो और लू से प्रभावित लोगों के इलाज की व्यवस्था हो.

अगले 5 दिनों तक कैसा रह सकता है तापमान?

मौसम विभाग की माने तो, बिहार में अगले पांच दिनों में राज्य के अधिकतर जगहों के न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है. मंगलवार को उत्तर मध्य और पूर्वी भाग के जिलों में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश और वज्रपात होने की संभावना जताई गई थी. इन इलाकों में देर शाम में तेज हवा की उम्मीद है. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान किशनगंज के एक-दो जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई.

Also Read: राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस MLA सुरेंद्र प्रसाद ने क्यों नहीं किया वोट? खुद ही बताई वजह

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >