बिहार में शिक्षकों का होगा प्रमोशन, सदन में बीजेपी बोली- धर्म परिवर्तन के खिलाफ बने कानून

Bihar Politics: बिहार के शिक्षकों को लंबे इंतजार के बाद प्रमोशन की सौगात मिलने जा रही है. शिक्षा मंत्री ने प्रमोशन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की बात कही. दूसरी ओर बजट सत्र के आखिरी दिन बीजेपी विधायकों ने धर्म परिवर्तन पर कड़े कानून बनाने की मांग की.

Bihar Politics: बिहार के सरकारी शिक्षकों के लिए खुशखबरी है. नीतीश सरकार ने लगभग दस साल से काम कर रहे शिक्षकों को प्रमोशन देने का फैसला किया है. अप्रैल से शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है. एमएलसी प्रोफेसर संजय कुमार सिंह ने विधान परिषद में शिक्षकों के प्रमोशन का मुद्दा उठाया. इस पर शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने जवाब देते हुए कहा कि, मौजूदा वित्तीय वर्ष खत्म होने के बाद शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.

धर्म परिवर्तन पर सदन में जोरदार बहस

बिहार विधान मंडल के बजट सत्र का आखिरी दिन हंगामेदार रहा. सदन में धर्म परिवर्तन और कथित लव जिहाद को लेकर जोरदार बहस छिड़ गई. बीजेपी के 12 विधायकों ने राज्य में इस पर कड़ा कानून बनाने की मांग उठाई. मुद्दा ध्यानाकर्षण के जरिए सदन में लाया गया.

बीजेपी का दावा- जनसंख्या में हो रहा बड़ा बदलाव

ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर बोलते हुए बीजेपी विधायक वीरेंद्र कुमार ने कहा कि धर्मांतरण की वजह से बिहार में मुसलमानों और ईसाइयों की आबादी तेजी से बढ़ी है. उन्होंने सीमावर्ती जिलों का खास तौर पर जिक्र किया. उनका दावा था कि कई इलाकों में मुस्लिम आबादी में अप्रत्याशित वृद्धि देखी गई है.

उन्होंने सरकार से इस पर स्पष्ट नीति और कड़े कानून की मांग की. बीजेपी विधायकों का कहना था कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाया गया तो सामाजिक संतुलन बिगड़ सकता है.

सरकार का जवाब- अभी कोई कानून विचाराधीन नहीं

इस पर प्रभारी गृह मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने साफ शब्दों में कहा कि राज्य सरकार के पास फिलहाल धर्म परिवर्तन रोकने से संबंधित कोई कानून लाने का प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार संविधान के दायरे में रहकर काम करती है.

मंत्री के जवाब से विपक्ष संतुष्ट नहीं दिखा. जाले से विधायक जीवेश मिश्रा ने संविधान का हवाला देते हुए अपने क्षेत्र में कथित लव जिहाद के मामलों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि धार्मिक स्वतंत्रता का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए.

सदन से पहले ही हमलावर दिखे राजद एमएलसी

वहीं दूसरी ओर, कार्यवाही शुरू होने से पहले ही राजद एमएलसी सुनील सिंह ने सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने शराबबंदी और पैसों के लेन-देन के मुद्दे पर दस्तावेज दिखाने का दावा किया. सुनील सिंह ने जदयू पर 1000 करोड़ रुपए से अधिक की वसूली का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कुछ कंपनियों से भारी चंदा लिया गया है. स्मार्ट मीटर और ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए.

‘हिरण का चोला, भेड़िए का काम’- सुनील सिंह

सुनील सिंह ने आरोप लगाया कि जदयू हर महीने किंग महेंद्र नामक शख्स से 99 लाख रुपए लेती है. उन्होंने कहा कि कई कंपनियों का टर्नओवर कम है, लेकिन उन्होंने 24 करोड़ रुपए तक का फंड दिया है. उन्होंने जदयू पर तंज कसते हुए कहा कि हिरण का चोला पहनकर भेड़िए की तरह काम कर रही है.

साथ ही उन्होंने बीजेपी पर भी शराब माफिया से पैसे लेने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि सत्ताधारी दलों का एकमात्र एजेंडा लालू परिवार को बदनाम करना है.

सत्र का समापन, लेकिन सियासत जारी

बजट सत्र खत्म हो गया, लेकिन आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है. धर्म परिवर्तन से लेकर फंडिंग और शराबबंदी तक, कई मुद्दों ने सियासत को गर्म कर दिया है. आने वाले दिनों में इन आरोपों पर राजनीति और तेज हो सकती है.

Also Read: तेजस्वी यादव के ऐलान से पांचवी सीट का फंस सकता है पेच, NDA के खिलाफ उतारेंगे उम्मीदवार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >