Bihar Road Project: केंद्र सरकार ने दानापुर के शिवाला मोड़ से बेउर मोड़ तक लगभग 10 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड बाइपास की योजना को मंजूरी दे दी है. यह फोरलेन सड़क सिर्फ एक नया रास्ता नहीं होगी, बल्कि दक्षिणी पटना के ट्रैफिक का नया नेटवर्क तैयार करेगी. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से पटना की सूरत बदल सकेगी.
ये तीन रोड आपस में जुड़ेंगे
मिली जानकारी के अनुसार, इसके बनने के बाद पटना-गया-डोभी रोड, पटना न्यू बाइपास और दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड सीधे आपस में जुड़ जाएंगे. इसका सबसे फायदा यह होगा कि दूसरे शहरों की ओर जाने वाली गाड़ियों को राजधानी के भीड़भाड़ वाले इलाकों में प्रवेश करने की जरुरत नहीं पड़ेगी.
5 लाख लोगों को मिल सकेगी राहत
बताया जा रहा है कि इस परियोजना से करीब पांच लाख लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सकती है. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से प्राथमिक रिपोर्ट मांगी है, जबकि जमीन अधिग्रहण का नोटिफिकेशन पहले ही जारी किया जा चुका है. योजना के अनुसार, दिसंबर 2026 से निर्माण कार्य शुरू किया जा सकता है. दिसंबर 2028 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
एलाइनमेंट में बदलाव की है तैयारी
इसके साथ ही अनीसाबाद से गुरुद्वारा मोड़ तक प्रस्तावित 13 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के एलाइनमेंट में भी बदलाव की तैयारी है, ताकि भविष्य की ट्रैफिक जरुरतों के अनुरूप बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके. अगर यह पूरी योजना तय समय पर पूरी होती है, तो आने वाले सालों में पटना की सड़कों पर सफर पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज, आसान और व्यवस्थित हो सकता है.
Also Read: छात्रों के प्रदर्शन के बीच संजीव मुखिया को क्लीन चिट, CBI ने कहा- NEET पेपर लीक में कोई भूमिका नहीं
