बिहार के आरा से चुनावी शंखनाद करेंगे चिराग, 'नव संकल्प महासभा' से इन सात जिलों पर साधेंगे निशाना

Chirag Paswan: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए लोजपा (रामविलास) 8 जून को आरा से 'नव संकल्प महासभा' की शुरुआत करने जा रही है. पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान इस आयोजन के जरिए सात जिलों की 33 सीटों पर फोकस करते हुए चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे.

Chirag Paswan: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों में तेजी लाते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपने चुनावी अभियान का बिगुल बजा दिया है. पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान 8 जून को आरा में ‘नव संकल्प महासभा’ के माध्यम से शाहाबाद और मगध अंचल के सात जिलों में अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास करेंगे.

एक लाख से ज्यादा लोगों को जुटाने की है योजना

पार्टी ने इस महासभा को ऐतिहासिक बनाने का दावा किया है. 33 विधानसभा सीटों को टारगेट करते हुए एक लाख से ज्यादा लोगों को जुटाने की योजना है. अरवल, औरंगाबाद, कैमूर और रोहतास जैसे जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थकों को आमंत्रित किया गया है. अरवल जिला इस अभियान का मुख्य केंद्र होगा, जिसे पार्टी संगठन की दृष्टि से बेहद अहम मान रही है.

‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ को जनता से जोड़ने की रणनीति

पार्टी प्रवक्ता राजू तिवारी ने बताया कि नव संकल्प महासभा सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक व्यापक अभियान की शुरुआत है. आने वाले समय में इसे बिहार के हर जिले में आयोजित किया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि चिराग पासवान के ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ विजन से प्रभावित होकर युवा और बुद्धिजीवी बड़ी संख्या में लोजपा (रामविलास) से जुड़ रहे हैं.

चिराग के चुनाव लड़ने की अटकलें तेज

इस बीच चिराग पासवान के आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा तेज हो गई है. राजू तिवारी ने संकेत दिया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि चिराग मैदान में उतरें, और खुद चिराग भी इसके लिए इच्छुक हैं. उन्होंने कहा, “बिहार चिराग की नस-नस में है, और जनता उन्हें अपना नेतृत्वकर्ता मानती है.”

नीतीश के नेतृत्व पर अब भी कायम एनडीए में भरोसा

हालांकि सीएम फेस को लेकर भ्रम की स्थिति को स्पष्ट करते हुए पार्टी ने दोहराया कि लोजपा (आर) नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही एनडीए के साथ चुनाव लड़ेगी. लेकिन साथ ही यह भी जोड़ा कि “हर पार्टी चाहती है कि उसका नेता मुख्यमंत्री बने, जैसे बीजेपी चाहती है, वैसे ही हम भी चाहते हैं.”

2020 में उतारे थे 137 सीटों पर उम्मीदवार

गौरतलब है कि 2020 के विधानसभा चुनाव में लोजपा (रामविलास) ने अकेले 137 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिससे खासतौर पर जेडीयू को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा था. ऐसे में इस बार भी लोजपा (आर) की रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हैं.

Also Read: यूट्यूबर मनीष कश्यप का भाजपा से मोह भंग! अब इस पार्टी का थाम सकते हैं दामन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >