Patna Ganja Smuggling: नेउरा थाना पुलिस ने नेउरा स्टेशन से करीब 50 किलो गांजा के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजे की कीमत बिहार में करीब 7.50 लाख रुपये बतायी जा रही है. गिरफ्तार आरोपितों में पश्चिम बंगाल के विजय बर्मन व प्रदीप बर्मन तथा भोजपुर जिले के विजय सिंह, शुभम कुमार और खुशीलाल शामिल हैं.
दूसरी ट्रेन पकड़कर जाने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, देर रात सूचना मिली थी कि पांच लोग भारी मात्रा में गांजा लेकर नेउरा स्टेशन से दूसरी ट्रेन पकड़कर कहीं जाने वाले हैं. सूचना के बाद थानाध्यक्ष जयदीप राणा पुलिस टीम के साथ नेउरा स्टेशन पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस को देखते ही पांचों युवक भागने लगे. इनमें से चार को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि एक युवक स्टेशन की पश्चिमी दिशा की ओर भागने लगा. भागने के दौरान वह घायल हो गया. पुलिस ने उसे पकड़कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.
24 पैकेट में मिला करीब 50 किलो गांजा
तलाशी के दौरान आरोपितों के बैग और ट्रॉली से 24 पैकेट में रखा करीब 50 किलो गांजा बरामद किया गया. इसके अलावा छह स्मार्टफोन और एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया गया है.
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तस्करी का नेटवर्क बिहार और पश्चिम बंगाल से जुड़ा होने की जानकारी मिली है. फिलहाल पांचों आरोपितों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटायी जा रही है.
