'पास कराने का सौदा, पहले जमा कराये मूल प्रमाणपत्र', चालक सिपाही भर्ती में सेटिंग कराने वाले गिरोह का ऐसा खुला राज, 5 धराएं

Driver-Constable Recruitment Racket : बिहार पुलिस चालक सिपाही भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों को पास कराने के लिए एक गिरोह सक्रिय था. वेटनरी कॉलेज मैदान में वाहन परीक्षा के दौरान इस गिरोह का पर्दाफाश हुआ. पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है.

Driver-Constable Recruitment Racket : बिहार पुलिस चालक सिपाही भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों को कथित तौर पर सेटिंग के जरिये पास कराने वाले गिरोह का एयरपोर्ट पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है. आरोपितों के पास से अभ्यर्थी गुलशन कुमार के मैट्रिक और इंटर के मूल अंक पत्र व प्रमाणपत्र, मोबाइल फोन और हुंडई क्रेटा कार बरामद की गयी है.

बिहारशरीफ का अमित कुमार फरार

पुलिस के अनुसार, इस मामले में बिहारशरीफ निवासी अमित कुमार फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार आरोपितों में गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के हेड मानपुर निवासी दिनेश कुमार (26), औरंगाबाद के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के निर्मल बिगहा निवासी प्रदीप कुमार (26), जहानाबाद के मखदुमपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर निवासी कल्याण सिंह यादव (30), नवादा जिले के सितामढ़ी थाना क्षेत्र के रेपुरा निवासी गुलशन कुमार (23) और पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के हाजीपुर बिलौर निवासी अमित कुमार (32) शामिल हैं.

वेटनरी कॉलेज मैदान में सक्रिय था गिरोह

पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर को गश्ती के दौरान सूचना मिली कि वेटनरी कॉलेज मैदान में बिहार पुलिस चालक सिपाही भर्ती की वाहन परीक्षा में अभ्यर्थियों को सेटिंग से पास कराने के लिए गिरोह के सदस्य सक्रिय हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने निगरानी शुरू की.

क्रेटा कार से मिले मूल प्रमाणपत्र

निगरानी के दौरान क्रेटा कार में सवार तीन युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध गतिविधियां करने लगे. पुलिस ने कार की तलाशी ली तो अखबार में लपेटकर रखा गुलशन कुमार के नाम का मैट्रिक और इंटर का मूल अंक पत्र व प्रमाणपत्र बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने युवकों से पूछताछ शुरू की.

परीक्षा पास कराने के लिए तय थी रकम

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दिनेश कुमार ने बताया कि बिहारशरीफ निवासी अमित कुमार के माध्यम से गुलशन कुमार से संपर्क हुआ था. चालक सिपाही भर्ती परीक्षा में पास कराने के नाम पर पहले गुलशन के मूल प्रमाणपत्र जमा कराये गये थे. परीक्षा पास होने के बाद रकम देने की बात तय हुई थी.

औरंगाबाद में लिखित, पटना में वाहन परीक्षा

पुलिस के अनुसार, गुलशन कुमार की चालक सिपाही भर्ती परीक्षा औरंगाबाद में हुई थी, जबकि वाहन परीक्षा पटना के वेटनरी कॉलेज मैदान में आयोजित की गयी थी. इसी वाहन परीक्षा में सेटिंग कराने के लिए गिरोह के सदस्यों के सक्रिय होने की सूचना पुलिस को मिली थी.

वाट्सएप चैट से मिले सेटिंग के साक्ष्य

बाद में पुलिस ने गुलशन कुमार और बिहारशरीफ निवासी अमित कुमार को भी पकड़ लिया. पुलिस के अनुसार, दिनेश कुमार और गुलशन कुमार के मोबाइल फोन की वाट्सएप चैट में परीक्षा में सेटिंग से संबंधित बातचीत मिली है. चैट में अमित कुमार को एडमिट कार्ड भेजने समेत अन्य बातचीत के साक्ष्य मिलने का पुलिस ने दावा किया है.

संगठित गिरोह के रूप में जांच आगे बढ़ी

पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, संगठित गिरोह बनाकर भर्ती परीक्षा में सेटिंग कराने और अभ्यर्थी के मूल प्रमाणपत्र को अपने पास रखने के आरोपों की जांच की जा रही है. फरार अमित कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है.

Also Read : रिश्ता टूटा, आस्था नहीं, तलाक के बाद भी तीज का व्रत नहीं छोड़ रहीं पटना की महिलाएं, भावुक कर देगी कहानी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद सिंह कौशिक

आनंद सिंह कौशिक बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. रेलवे, मेट्रो, इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी खबरों पर विशेष रिपोर्टिंग करते हैं. साथ में पटना समेत बिहार के अपराध और राजनीतिक खबरों में भी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >