Bihar News: पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने जिले में चल रही 30 परियोजनाओं के कार्य की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक में पदाधिकारियों को कहा कि किसी भी परियोजना में जमीन अधिग्रहण में रैयतों को मुआवजा भुगतान में देरी नहीं होनी चाहिए, देरी होने की शिकायत पर कार्रवाई की जायेगी.
भू-अर्जन पदाधिकारी को मिला आदेश
डीएम ने यह भी कहा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को हर मौजा में कैंप लगाकर आवेदन लेने और तेजी से मुआवजा भुगतान करने का निर्देश दिया. डीएम ने सभी सीओ को अलग-अलग प्रोजेक्ट के मार्ग से अतिक्रमण को हटाने के लिए कार्रवाई करने और ट्रैफिक एसपी को जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्सन के लिए प्लान बनाने का निर्देश दिया.
रामनगर-कच्ची दरगाह सड़क निर्माण के लिए मुआवजा
डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम के मुताबिक, भारतमाला परियोजना तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-119 डी रामनगर से कच्ची दरगाह खंड निर्माण परियोजना में भूमि राशि पोर्टल के माध्यम से मुआवजा भुगतान किया जा रहा है. 55 रैयतों के बीच 10.67 करोड़ रुपये मुआवजा भुगतान किया गया.
दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड को लेकर मुआवजे का आदेश
डीएम ने कहा कि दानापुर-बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर में 10 से 24 फरवरी के बीच 15 दिनों में किसानों को 72 लाख रुपए मुआवजा भुगतान किया गया. इस प्रोजेक्ट में अभी तक 959 रैयतों के बीच 188.06 करोड़ रुपये मुआवजा भुगतान किया गया है. पटना-आरा-सासाराम एनएचएआई की तरफ से मुआवजा भुगतान के लिए 149.76 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है.
कब तक पूरा होगा एलिवेटेड कॉरिडोर का काम?
दानापुर-बिहटा-कोइलवर एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना जून 2027 तक पूरी कर ली जाएगी. अब तक कॉरिडोर का करीब 45 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. बाकी 55 प्रतिशत काम को तेजी से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसका मुख्य उद्देश्य पटना और पश्चिमी बिहार के बीच यातायात को आसान और सुरक्षित बनाना है. साथ ही लोगों का सफर समयबद्ध हो सके, यही लक्ष्य है.
Also Read: गयाजी का ये इलाका बनेगा इंडस्ट्रियल हब, 1339 करोड़ रुपए होंगे खर्च
