फॉरेन ट्रिप कराकर अफसरों पर कंट्रोल, फिर हासिल किए ठेके, IAS पोस्टिंग तक में दखल देता था रिशु श्री, ED ने खोले कई राज

Bihar News: ED की जांच रिपोर्ट में रिशु श्री को लेकर कई खुलासे सामने आए हैं. आरोप है कि वह टेंडर मैनेजमेंट से लेकर प्रशासनिक पोस्टिंग तक में गहरी पैठ रखता था. अधिकारियों को प्रभावित करने के लिए विदेश यात्राओं और पैसों के लेनदेन का नेटवर्क चलाने की बात भी सामने आई है.

Bihar News: ED की जांच रिपोर्ट में रिशु श्री को लेकर चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं. आरोप है कि वह सिर्फ टेंडर मैनेज नहीं करता था, बल्कि पूरे प्रशासनिक सिस्टम को अपने कब्जे में कर लिया था. रिपोर्ट के मुताबिक, वह अधिकारियों की पोस्टिंग से लेकर टेंडर फैसलों तक में दखल देता था.

जांच में दावा किया गया है कि रिशु श्री की पकड़ कई विभागों में मजबूत थी. वह तय करता था कि किस विभाग में कौन सचिव बनेगा. और किस शहर में किसे नगर आयुक्त की जिम्मेदारी मिलेगी. आरोप यह भी है कि कई IAS अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग में भी उसकी भूमिका रही है.

विदेश यात्राओं से ‘नेटवर्क मैनेजमेंट’

ED के अनुसार रिशु श्री अधिकारियों को प्रभावित करने के लिए बड़े पैमाने पर खर्च करता था. कई अधिकारियों और उनके परिवारों को विदेश यात्राएं कराई गईं. इन्हीं यात्राओं के जरिए रिश्ते मजबूत किए जाते थे. और फिर टेंडर से जुड़े फैसलों को प्रभावित किया जाता था.

265 करोड़ की अवैध संपत्ति का आरोप

रिशु श्री ने 265.73 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति बनाई है. सबसे बड़ा हिस्सा स्वच्छ गंगा मिशन से जुड़ा हुआ है. रिशु को यहां से करीब 185.25 करोड़ रुपये का लाभ मिला. वह सारा लेनदेन हवाला के जरिए करता था.

सारण जिले का रहने वाला है रिशु श्री

जानकारी के अनुसार, रिशु श्री मूल रूप से बिहार के सारण जिले का रहने वाला है. वह सीनियर आईएएस अधिकारी संजीव हंस और अन्य आईएएस के खिलाफ चल रहे भ्रष्टाचार केस में भी आरोपी है. उसके खिलाफ SVU में भी मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज है. ED का दावा है कि रिशु श्री को टेंडर से पहले ही पूरी जानकारी मिल जाती थी. इसके बाद वह अपने पसंदीदा ठेकेदारों को फायदा पहुंचाता था. इसके बदले में मोटा कमीशन लिया जाता था और अधिकारियों तक भी इसका हिस्सा पहुंचता था.

पोस्टिंग के बदले लाखों रुपये के लेनदेन के आरोप

जांच रिपोर्ट के मुताबिक, रिशु श्री टेंडर हासिल करने के लिए पहले अपनी पसंद के अधिकारियों की पोस्टिंग करा लेता था. जांच में यह भी सामने आया है कि मुमुक्षु चौधरी ने स्वीकार किया है कि सीतामढ़ी में नगर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार पाने के लिए रिशु ने बड़े अधिकारियों को 25 लाख रुपये दिए थे.

अधिकारियों की विदेश यात्राओं पर करोड़ों खर्च

ED के अनुसार बुडको के तत्कालीन MD IAS योगेश कुमार सागर और उनके परिवार को भी विदेश यात्रा कराईं. जून 2024 में उनके परिवार के 6 सदस्यों को उसने ऑस्ट्रिया घूमने के लिए भेजा था. रिशु से आईएएस योगेश भी खूब लाभान्वित हुए थे.

BMSICL टेंडर और विदेश ट्रिप कनेक्शन

IAS अभिलाषा शर्मा और उनके परिवार की विदेश यात्रा पर भी 19 लाख रुपये खर्च किए गए. दोनों के व्हाट्सएप चैट से खुलासा हुआ है कि BMSICL के तत्कालइन एमडी धर्मेंद्र ने भी विदेश यात्राएं की थी. इसके बाद रिशु श्री को ठेके मिले थे.

‘प्रशासनिक ढांचे पर कब्जे’ का मॉडल

रिशु श्री ने केवल टेंडर ही मैनेज नहीं किए, बल्कि पूरे प्रशासनिक ढांचे को उसने अपने कंट्रोल में कर लिया था. वह अधिकारियों की ‘लक्जरी’ जरूरतों को पूरा करता था. जब अधिकारी एहसान तले दब जाते थे तब वह मर्जी से टेंडर का नियम बनवाता था और फाइनल करता था. टेंडर जारी होने से पहले ही उसकी शर्तें रिशु के पास होती थीं. यही सब कर के उसने 265.73 करोड़ की संपत्ति बनाई है.

रिशु श्री जांच से बचने के लिए हर प्रकार का हथकंडा अपना रहा है. ED ने पटना एसएसपी को पत्र लिखकर बताया कि रिशु श्री फेसटाइम और टेलीग्राम एप के जरिए अधिकारियों को आत्महत्या की धमकी दे रहा है. वह समन से बचने के लिए फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट भी बनवा चुका है. फिलहाल ED हर एंगल से इस मामले को खंगाल रही है.

Also Read: राबड़ी देवी को खाली करना होगा आवास, बिहार सरकार ने जारी किया आदेश, जानिए अब इस बंगले में कौन रहेगा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >