Bihar News: पटना के होटल में इंग्लैंड के रिटायर्ड अधिकारी की मौत, आखिरी बार किसे किया था कॉल?

Bihar News: पटना के एक होटल से रिटायर्ड ब्रिटिश अधिकारी की डेड बॉडी मिली. वे 18 जनवरी से होटल में रह रहे थे. आखिरी बार उन्होंने वाई-फाई को लेकर रिसेप्शन पर कॉल किया था, जिसके बाद उनकी संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया.

Bihar News: पटना के जक्कनपुर थाना इलाके के एक होटल में रिटायर्ड ब्रिटिश अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मृतक की पहचान अजय कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो इंग्लैंड में बिजली विभाग से रिटायर्ड अधिकारी थे. वह 18 जनवरी से होटल के कमरा नंबर 103 में ठहरे हुए थे.

क्या कहना है होटल कर्मियों का?

होटल कर्मियों ने बताया कि रविवार को अजय कुमार शर्मा काम के सिलसिले में बाहर गए थे. शाम को होटल लौटे. कमरे में जाने के बाद उन्होंने भोजन न करने की बात कहते हुए सिर्फ फल मंगवाए थे. रात में आखिरी बार उन्होंने वाई-फाई को लेकर रिसेप्शन पर कॉल किया था. इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका.

सुबह से उनकी कोई गतिविधि नजर नहीं आने पर होटल कर्मियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. सूचना पर जक्कनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया, जहां अजय कुमार शर्मा का शव मिला.

मौके पर पहुंचे एएसपी अभिनव

घटना की सूचना मिलते ही सदर एएसपी अभिनव भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने होटल स्टाफ और मालिक से पूछताछ की. सीसीटीवी फुटेज और एंट्री-एग्जिट रजिस्टर की जांच की. मृतक के सूटकेस से परिजनों से जुड़ी जानकारी मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने उनके परिवार को सूचना दी.

मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया है. मृतक के पास से मिले डॉक्यूमेंट, इंडियन करेंसी और पाउंड को जब्त कर सीजर लिस्ट तैयार की गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

थानाध्यक्ष ने क्या बताया?

धानाध्यक्ष का कहना है कि 26 जनवरी की शाम सूचना मिली कि 18 जनवरी से होटल में ब्रिटिश व्यक्ति अजय कुमार शर्मा रह रहे थे. आज वो अपने कमरे से बाहर नहीं आये हैं और जब उनका दरवाजा खटखटाया गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया.

सूचना पर एफएसएल टीम के साथ होटल के कमरे को तोड़कर अंदर गया, जहां अजय कुमार शर्मा की बेड पर डेड बॉडी पड़ी थी. एफएसएल टीम ने कमरे का निरीक्षण किया और जरूरी सबूत इकट्ठा किया. डेड बॉडी को पीएमसीएच भेजा गया. मृतक के परिवार को जानकारी दे दी गई है और इसके आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Also Read: Bihar News: बिहार सरकार की खास पहल, अब डायल 112 से कनेक्ट होंगे प्राइवेट एंबुलेंस

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >