राबड़ी आवास में हैं सोने-चांदी से भरे कई तहखाने? खाली होने के बाद JDU ने की खुदाई की मांग

Bihar News: राबड़ी आवास से आधी रात में सामान शिफ्ट होने पर जदयू नेता नीरज कुमार ने सवालों की बौछार कर दी है. उन्होंने लालू–तेजस्वी की गैरमौजूदगी में शिफ्टिंग के आदेश और संभावित छिपी संपत्ति को लेकर जांच की मांग की है.

Bihar News: पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड पर बने राबड़ी देवी के सरकारी आवास से आधी रात में सामान शिफ्ट होने की खबर के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है. जैसे ही गमलों और अन्य सामान से भरी गाड़ियां आवास से निकलती दिखीं, सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया. इस पूरे मामले को लेकर जदयू और राजद आमने-सामने आ गए हैं.

जनता दल यूनाइटेड के मुख्य प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने इस घटना पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि जब घर के गार्जियन लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव दोनों उस समय पटना में मौजूद नहीं थे, तो आधी रात में सामान शिफ्ट करने का आदेश आखिर किसने दिया.

तहखाने में छुपाकर रखा गया है सोना-चांदी?

नीरज कुमार ने आशंका जताते हुए कहा कि क्या यह वही संपत्ति तो नहीं है, जो उनके शासनकाल में हुए कथित घोटालों से अर्जित की गई हो. उन्होंने सवाल किया कि क्या जमीन के कागजात, सोना-चांदी या अन्य कीमती सामान किसी तहखाने में छुपाकर रखा गया था, जिसे अब वहां से हटाया जा रहा है.

राबड़ी आवास खाली होने के बाद खुदाई की मांग

नीरज कुमार ने सरकार से मांग की है कि जब राबड़ी आवास पूरी तरह खाली हो जाए, तो उसके कुछ हिस्सों की खुदाई कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके. उन्होंने यह भी कहा कि एक महीने पहले नोटिस मिलने के बावजूद आवास अब तक खाली क्यों नहीं किया गया. साथ ही चेतावनी दी कि अगर सरकारी आवास को किसी भी तरह का नुकसान हुआ, तो भवन निर्माण विभाग सख्त कार्रवाई करेगा.

दूसरी ओर, जदयू द्वारा तहखाने और गुप्त संपत्ति की बात कहे जाने पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने कड़ा एतराज जताया है. राजद के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने सरकार पर जासूसी कराने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 202 सीटों का जनादेश मिलने के बावजूद एनडीए पूरी तरह बौखलाई हुई है. सत्ता में आने के बाद सरकार जनता की समस्याओं को छोड़कर विपक्षी नेताओं के घरों की निगरानी में लगी है.

गुरुवार देर रात शुरू हुई थी शिफ्टिंग की प्रक्रिया

गौरतलब है कि राबड़ी देवी के सरकारी आवास से सामान शिफ्ट करने की प्रक्रिया गुरुवार देर रात शुरू हुई. रात के दौरान 4 से 5 छोटी गाड़ियां 10 सर्कुलर रोड पहुंचीं और वहां से सामान गोला रोड स्थित गौशाला में ले जाया गया. करीब 20 साल बाद लालू परिवार को यह सरकारी आवास खाली करने का नोटिस मिला है.

भवन निर्माण विभाग ने 25 नवंबर को जारी किया था नोटिस

25 नवंबर को बिहार भवन निर्माण विभाग ने नोटिस जारी कर राबड़ी देवी को आवास खाली करने का आदेश दिया था. विभाग की ओर से कहा गया है कि बिहार विधान परिषद में नेता विपक्ष के लिए आवास संख्या 39, हार्डिंग रोड अलॉट किया गया है. अब इस शिफ्टिंग के साथ ही राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं और मामला सियासी तूफान का रूप ले चुका है.

Also Read: Bihar Ka Mausam: बिहार में शीतलहर का अलर्ट, समस्तीपुर में शिमला जैसी ठंड, जानिए अगले 5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >