पटना में पुलिस हेडक्वार्टर के पास मिला युवक का शव, भाई ने जताई साजिश की आशंका

Bihar News: पटना में पुलिस हेडक्वार्टर के पास युवक की डेड बॉडी मिली. मृतक का नाम अभय कुमार बताया जा रहा है, जो कि अरवल जिले का रहने वाला था. मृतक के भाई ने साजिश के तहत हत्या की आशंका जताई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Bihar News: पटना में बुधवार की रात पुलिस हेडक्वार्टर के पास युवक का शव मिला. इस दौरान लोगों की भारी भीड़ जुट गई. डेड बॉडी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई. इस दौरान मौके पर पुलिस ने घेराबंदी कर दी और लोगों के आने-जाने पर भी रोक लगा दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटना स्थल से फिंगरप्रिंट, मिट्टी के नमूने समेत अन्य सबूत इकट्ठा किए.

कहां का रहने वाला था मृतक?

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान अभय कुमार के रूप में की गई. अभय अरवल जिले का रहने वाला था. घटना की सूचना मृतक के परिजन को दी गई, जिसके बाद मृतक के भाई मनोज कुमार मौके पर पहुंचे. मनोज कुमार ने बताया कि अभय बैदराबाद में किराना दुकान चलाता था. उसकी पत्नी और दो बच्चे भी हैं.

अभय के भाई ने जताई ये आशंका

भाई मनोज कुमार ने यह भी बताया कि बुधवार की सुबह कुछ लोग अभय को ढूंढने आए थे. अभय पटना अकेले ही आया था. लेकिन किस वजह से आया था, ये जानकारी नहीं है. भाई ने यह भी बताया कि अभय शराब पीता था. इस दौरान मनोज कुमार ने साजिश के तहत हत्या की आशंका जताई. मनोज कुमार ने कहा कि दोस्त या दुश्मन इसकी जानकारी नहीं लेकिन अभय के साथ गलत जरूर हुआ है.

घटना को लेकर पुलिस ने क्या कहा?

घटना के बारे में मौके पर मौजूद पुलिस ने बताया कि बेली रोड में फुटपाथ के पास युवक के शव मिलने की सूचना थी, जिसके बाद बाद पुलिस पहुंची. फिलहाल, मामले में जांच पड़ताल की जा रही है. इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है.

Also Read: गैस सब्सिडी और KYC के नाम पर खाली हो रहे हैं बैंक खाते, पटना पुलिस ने जारी किया अलर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >