IPS Bhanu Pratap Singh : बिहार के चर्चित IPS अधिकारी भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा का पारिवारिक विवाद अब चर्चा में है. दोनों की मुलाकात कॉलेज के दिनों में हुई थी और इसके बाद दोनों ने प्रेम विवाह किया. पूजा कोलकाता की रहने वाली हैं. शादी के बाद अब दोनों के रिश्ते में गंभीर विवाद सामने आया है और मामला अदालत तक पहुंच चुका है.
पत्नी पूजा ने लगाए गंभीर आरोप
पूजा ने भानु प्रताप सिंह पर बेटी को अपने से दूर करने और उन्हें कमरे में बंद करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि प्रेम विवाह के बाद उनके मायके से भी संबंध टूट गये. पूजा के मुताबिक, भानु प्रताप सिंह ने अपने बचाव के लिए कोर्ट में तलाक का मामला दर्ज कराया है. हालांकि, ये आरोप पूजा की ओर से लगाए गये हैं और मामले पर अंतिम फैसला अदालत को करना है.
WATCH VIDEO: खगड़िया SP भानु प्रताप सिंह पर पत्नी पूजा के गंभीर आरोप, बोलीं- पति और बेटी दोनों चाहिए वापस
भानु प्रताप सिंह बोले, संबंध खत्म नहीं करना चाहते
वहीं, भानु प्रताप सिंह का कहना है कि वह खुद संबंध खत्म नहीं करना चाहते हैं. उन्होंने बताया कि वह इस समय बेहद तनावपूर्ण स्थिति से गुजर रहे हैं. उनका कहना है कि मामला अब न्यायालय में लंबित है और आगे क्या होगा, इसका फैसला अदालत ही करेगी.
वायरल ऑडियो में सुलह की कोशिश की चर्चा
इस पारिवारिक विवाद के बीच सोशल मीडिया पर एक ऑडियो भी वायरल हुआ है. इसमें 'अखिल भारतीय अपराध विरोधी मोर्चा' के अध्यक्ष धनवंत सिंह राठौर, भानु प्रताप सिंह से बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं. ऑडियो में दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने और पत्नी की काउंसलिंग कराने का सुझाव दिया जा रहा है. भानु प्रताप सिंह ने भी स्थिति सामान्य होने पर काउंसलिंग और बातचीत के लिए सहमति जताई है. अब इस विवाद का समाधान अदालत की प्रक्रिया और दोनों पक्षों के बीच बातचीत से निकलने की उम्मीद की जा रही है.