पटना में बनेंगे 3 बड़े शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, वर्ल्ड बैंक से मिलेगी मदद, 530 करोड़ की योजनाओं को मंजूरी

Patna News: पटना में शहरी सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में कई बड़े फैसले लिए गए हैं. नगर निगम ने कारोबार, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था से जुड़ी कई योजनाओं को मंजूरी दी है. इससे राजधानी में सुविधाओं के विस्तार और सुधार की उम्मीद है.

Patna News: पटना में शॉपिंग और कारोबार से जुड़ी सुविधाओं को बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है. नगर निगम ने शहर में तीन बड़े कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. इन परियोजनाओं के लिए विश्व बैंक से वित्तीय सहायता लेने की योजना है. इसके अलावा वेंडिंग जोन, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और सफाई व्यवस्था को लेकर भी कई अहम फैसले लिए गए हैं.

नगर निगम की बैठक में 93 एजेंडे मंजूर

नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की 25वीं साधारण बैठक बुधवार को हुई. महापौर सीता साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में कुल 93 एजेंडों को स्वीकृति दी गई. बैठक में उप महापौर रेशमी चंद्रवंशी और नगर आयुक्त यशपाल मीणा भी मौजूद रहे.

बैठक में पेयजल से जुड़ी 60 योजनाओं को मंजूरी मिली. इसके अलावा विश्व बैंक की मदद से तीन परियोजनाएं, स्ट्रीट लाइट के सुदृढ़ीकरण, शहरी वेंडिंग जोन और नगर निगम की संपत्तियों के पुनर्विकास के प्रस्ताव भी पास किए गए.

इन तीन जगहों पर बनेंगे कमर्शियल कॉम्प्लेक्स

नगर निगम ने विश्व बैंक से वित्तीय सहायता लेने के लिए तीन बड़े कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण का प्रस्ताव मंजूर किया है. इनकी अनुमानित लागत करीब 530 करोड़ रुपये है.

  • आर्य कुमार रोड: 133 करोड़ रुपये
  • खेतान मार्केट के समीप: 97 करोड़ रुपये
  • एएन कॉलेज पानी टंकी के पास: 300 करोड़ रुपये

इन परियोजनाओं के जरिए शहर में आधुनिक व्यावसायिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है.

स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होगी बेहतर

पटना में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा. बैठक में लाइट लगाने, रखरखाव और निगरानी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देशों का भी पालन किया जाएगा. इसके लिए विभाग के मार्गदर्शन में आगे की कार्रवाई होगी. पुरानी एजेंसी का कार्यकाल बढ़ाने को मंजूरी दी गई है. वहीं नई एजेंसी के चयन के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली है.

म्यूनिसिपल बॉन्ड से बनेंगे 15 वेंडिंग जोन

नगर निगम के स्वामित्व वाली 15 जगहों पर बहुमंजिला वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे. इनके निर्माण के लिए म्यूनिसिपल बॉन्ड से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल किया जाएगा. इसके अलावा ‘एक करोड़ पार्षद निधि योजना 4.0’ के तहत 849 योजनाओं को भी मंजूरी दी गई.

जर्जर निगम भवनों का होगा पुनर्विकास

नगर निगम की जर्जर और कम इस्तेमाल होने वाली संपत्तियों का भी कायाकल्प किया जाएगा. इसके लिए नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NBCC) के साथ एमओयू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है.

NBCC निगम की चिह्नित संपत्तियों को आधुनिक बुनियादी ढांचे के रूप में विकसित करेगा.

60 पेयजल योजनाओं को मिली मंजूरी

शहर की बढ़ती आबादी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था पर भी फोकस किया गया है. पाइपलाइन विस्तार और ज्यादा क्षमता वाली बोरिंग लगाने से जुड़ी करीब 60 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई. इसका उद्देश्य शहर के विस्तार वाले इलाकों में लोगों को पर्याप्त और सुचारु पेयजल उपलब्ध कराना है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

राजधानी की पहली जलमीनार में बनेगा कैफेटेरिया

मिलर हाई स्कूल परिसर में स्थित ऐतिहासिक पानी टंकी का भी कायाकल्प होगा. इसके जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के साथ कैफेटेरिया बनाया जाएगा.

इस परियोजना पर करीब 3.48 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इससे ऐतिहासिक संरचना को संरक्षित करने के साथ परिसर को नागरिकों के लिए अधिक उपयोगी बनाने की योजना है.

12 रोबोटिक मशीनों से होगी नाले और मैनहोल की सफाई

पटना में नाले और मैनहोल की सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए 12 रोबोटिक रोवर मशीनें खरीदी जाएंगी. नगर निगम ने इसकी खरीद को भी मंजूरी दे दी है.

रोबोटिक तकनीक की मदद से मैनहोल और नालों की सफाई ज्यादा सुरक्षित और प्रभावी तरीके से की जा सकेगी. इससे सफाई कर्मचारियों के जोखिम को भी कम करने में मदद मिलेगी.

Also Read: बिहार में 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर, 13 जिलों में बाढ़ का संकट गहराया, जानें नुकसान पर कितना मिलेगा मुआवजा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >