Bihar Flood Updates: बगहा के रिहाइशी क्षेत्र में पहुंचा गंडक से आया मगरमच्छ, हड़कंप

Bihar Flood Live Updates: पटना : समस्तीपुर के दलसिंहसराय और आसपास के क्षेत्रों में बारिश व बाढ़ की वजह से बलान नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है. इससे नदी किनारे के दर्जनों गांवों में नदी का पानी घुसने लगा है. पगड़ा, केवटा, नवादा पंचायत व शहरी क्षेत्र में नदी किनारे बसे सैकड़ों लोगों के घरों में नदी का पानी घुस गया है. इधर, वाल्मीकिनगर के लक्ष्मीपुर रमपुरवा पंचायत के झंडू टोला एसएसबी कैंप में बाढ़ का पानी पुनः प्रवेश करने लगा है. बाढ़ से संबंधित तमाम अपडेट के लिए बने रहे हमारे साथ..

Live Updates
1:48 AM. 13 Aug 20 8:18 PM. 12 Aug

बगहा के रिहाइशी क्षेत्र में पहुंचा गंडक से आया मगरमच्छ, हड़कंप

बगहा/हरनाटांड़ : रुक-रुक कर हो रही बारिश के बाद भीषण गर्मी से वन्य जीव व्याकुल होकर रिहाइशी क्षेत्रों की तरफ रुख कर ले रहे हैं. बुधवार को गंडक नदी से भटक कर एक मगरमच्छ दीनदयाल नगर मोहल्ला में प्रवेश कर गया. उसे देखते ही मोहल्लेवासियों में हड़कंप मच गया. उसे देखने के लिए कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गये. मोहल्लेवासियों ने इसकी सूचना बगहा वन क्षेत्र कार्यालय को दी. सूचना के बाद पहुंचे वनकर्मियों ने स्थानीय राहुल कुमार, जयलाल निषाद, रोहित बैठा, पारस बीन आदि युवकों के सहयोग से घंटों की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ लिया. बगहा रेंजर मनोज कुमार ने बताया कि मगरमच्छ को जांच पड़ताल के बाद गंडक नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया. उन्होंने बताया कि वन्यजीव कभी कभार रास्ता भटक कर रिहाइशी क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं. ग्रामीण सतर्क व सजग रहे.

9:25 PM. 12 Aug 20 3:55 PM. 12 Aug

प्रतिघंटे एक सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर

बक्सर जिले में गंगा चेतावनी बिंदु से नीचे बह रही है. जबकि, गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. गंगा के जलस्तर में जारी वृद्धि को लेकर दियारा इलाके के लोगों की बेचैनी बढ़ गयी है. फिलहाल बुधवार को गंगा का जलस्तर 54.25 मीटर दर्ज किया गया था. मंगलवार को गंगा का जलस्तर 54.04 मीटर दर्ज किया गया था. पिछले चौबीस घंटे में गंगा का जलस्तर 21 सेंटीमीटर बढ़ा है. यानी, गंगा प्रति घंटे एक सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रही है. बाढ़ नियंत्रण अंचल बक्सर के अधीक्षण अभियंता संजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बक्सर में गंगा का जलस्तर का चेतावनी बिंदु 59.32 मीटर है. जबकि, डेंजर लेवल 60.32 मीटर है. पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा उफान पर है. इस कारण दियरावासी बाढ़ की आशंका से भयभीत हैं.

8:15 PM. 12 Aug 20 2:45 PM. 12 Aug

बूढ़ी गंडक और कमला बलान के जलस्तर में कमी

पटना : बिहार सरकार के जलसंसाधन विभाग की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार राज्य में बूढ़ी गंडक का जलस्तर कम हो रहा है. वैसे समस्तीपुर और खगड़िया में अभी भी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. वहीं कमला बलान का जलस्तर झंझारपुर में घटकर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है. राहत की बात ये है कि यहां नदी का जलस्तर कम हो रहा है. घाघरा का जलस्तर भी स्थिर है और नदी खतरे के निशान से नीचे हैं.

8:15 PM. 12 Aug 20 2:45 PM. 12 Aug

कई नदियों में बढ़ने लगा जलस्तर

पटना : बिहार सरकार के जलसंसाधन विभाग की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार राज्य की कई नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है. अवधारा समूह की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. महानंदा, पुनपुन और भुतही बलान जैसी नदियों का भी जलस्तर बढ़ने लगा है, हालांकि अभी ये नदियों खतरे के निशान से नीचे ही बह रही हैं.

8:15 PM. 12 Aug 20 2:45 PM. 12 Aug

चार जिलों में अलर्ट जारी

पटना : मौसम विभाग ने चार जिलों में अलर्ट जारी किया है. इनमें सारण, सिवान, गया और नवादा शामिल है. विभाग की ओर से जारी चेतावनी के अनुसार अगले तीन घंटों में इन चारों जिलों में वर्षा और वज्रपात की आशंका है. लोगों को नदी में जाने और बादल छाने पर बिना कारण घर से नहीं निकलने की सलाह दी गयी है.

8:15 PM. 12 Aug 20 2:45 PM. 12 Aug

बागमती में लौटा उफान, चार जगहों पर फिर लाल निशान के ऊपर

पटना : उत्तर बिहार में जारी बारिश का असर नदियों के जल स्तर पर दिखने लगा है. बागमती का जलस्तर जो कम हो रहा है उसमें एक बार फिर उफान देखने को मिल रहा है. बागमती सीतामढी और मुजफ्फरपुर जिले में एक बार फिर खतरे के निशान को पार कर गयी है. नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है.

मुख्य बातें

Bihar Flood Live Updates: पटना : समस्तीपुर के दलसिंहसराय और आसपास के क्षेत्रों में बारिश व बाढ़ की वजह से बलान नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है. इससे नदी किनारे के दर्जनों गांवों में नदी का पानी घुसने लगा है. पगड़ा, केवटा, नवादा पंचायत व शहरी क्षेत्र में नदी किनारे बसे सैकड़ों लोगों के घरों में नदी का पानी घुस गया है. इधर, वाल्मीकिनगर के लक्ष्मीपुर रमपुरवा पंचायत के झंडू टोला एसएसबी कैंप में बाढ़ का पानी पुनः प्रवेश करने लगा है. बाढ़ से संबंधित तमाम अपडेट के लिए बने रहे हमारे साथ..

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >