पटना में लापता किसान का शव मिलने के बाद बवाल, आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर किया पथराव, थानाध्यक्ष समेत 6 घायल

Patna Crime News: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में लापता किसान का शव गंगा किनारे मिलने से हालात तनावपूर्ण हो गए. हत्या के आरोप और पुलिस की कथित लापरवाही को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने पथराव किया, जिसमें थानाध्यक्ष समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए.

Patna Crime News: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में लापता किसान कन्हैया शर्मा (35) का शव चार दिन बाद गंगा किनारे मिलने से इलाके में जबरदस्त तनाव फैल गया. शुक्रवार शाम लखीपुर घाट से शव बरामद होते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे. लोगों ने कन्हैया शर्मा की किडनैप कर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस पर लापरवाही और दूसरे पक्ष से सांठ-गांठ का आरोप लगाया.

घटना की सूचना मिलते ही सालिमपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हालात बेकाबू हो गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ियों पर पथराव कर दिया, जिसमें एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. हमले में सालिमपुर थानाध्यक्ष अर्चना कुमारी समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए बख्तियारपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों के अनुसार पुलिसकर्मियों के सीना, पेट और पीठ पर चोटें आई हैं.

घायल पुलिसकर्मियों की हुई पहचान

घायल पुलिसकर्मियों में थानाध्यक्ष अर्चना कुमारी के अलावा अरविंद कुमार शर्मा (45), अनंत कुमार यादव (42), राजेश कुमार गुप्ता (39), सतीश चंद्र सिंह (55) और मनोज कुमार सिंह (49) शामिल हैं.

जमीनी विवाद में अगवा कर हत्या का आरोप

परिजनों का कहना है कि कन्हैया शर्मा को मंगलवार को दियारा क्षेत्र से कुछ हथियारबंद बदमाशों ने जमीनी विवाद के चलते अगवा कर लिया था. उन्होंने पुलिस को समय रहते सूचना दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. परिजनों के मुताबिक, यदि समय पर कदम उठाया गया होता तो कन्हैया की जान बच सकती थी.

जानकारी के अनुसार, 16 दिसंबर को कन्हैया शर्मा लखीपुर गांव के सामने दियारा इलाके में अपना खेत देखने गए थे. इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला. लगातार तलाश के बावजूद कुछ पता नहीं चला. अंततः शुक्रवार को उनकी लाश गंगा किनारे लखीपुर घाट से बरामद हुई.

12 हिरासत में, 3 पहले ही गिरफ्तार

पुलिस पर हमले के मामले में लखीपुर गांव से 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है. एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई होगी.

इससे पहले किसान के अपहरण और हत्या के मामले में परिजनों ने सालिमपुर थाने में 14 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. पुलिस ने इस केस में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है.

Also Read: Nitish Kumar: नीतीश कुमार की सास का निधन, अंतिम विदाई के लिए बांस घाट पहुंचे CM, IGIMS में चल रहा था इलाज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >