बिहार कैबिनेट में करोड़पतियों की भरमार, कई मंत्री सम्राट चौधरी से भी अमीर

Bihar Cabinet Ministers Property: बिहार की नई सम्राट चौधरी कैबिनेट में 35 में से 32 मंत्री करोड़पति हैं. सबसे अमीर मंत्री रमा निषाद हैं, जबकि कई मंत्री संपत्ति के मामले में मुख्यमंत्री से भी आगे हैं.

Bihar Cabinet Ministers Property: बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब नए मंत्रियों की संपत्ति के आंकडें आये हैं. नई कैबिनेट में शामिल 35 मंत्रियों में से 32 मंत्री करोड़पति हैं. सिर्फ तीन मंत्री ऐसे हैं जिनकी कुल संपत्ति 1 करोड़ रुपये से कम बताई गई है. करीब 10 मंत्री ऐसे भी हैं जिनकी संपत्ति मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से ज्यादा है.

रमा निषाद निकलीं सबसे अमीर मंत्री

नई कैबिनेट में पिछड़ा एवं अति पिछड़ा कल्याण मंत्री रमा निषाद संपत्ति के मामले में सबसे आगे हैं. चुनावी हलफनामों और उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनकी कुल संपत्ति करीब 31.85 करोड़ रुपये बताई जा रही है. दूसरी बार मंत्री बनीं रमा निषाद ने संपत्ति के मामले में कई बड़े और पुराने नेताओं को पीछे छोड़ दिया है. यही वजह है कि उनके नाम की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है.

श्वेता गुप्ता दूसरे स्थान पर

समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता संपत्ति के मामले में दूसरे नंबर पर हैं. उनकी कुल संपत्ति लगभग 29.24 करोड़ रुपये बताई गई है. महिला मंत्रियों में वह सबसे संपन्न मानी जा रही हैं. नई कैबिनेट में महिला मंत्रियों की औसत संपत्ति पुरुष मंत्रियों के मुकाबले काफी ज्यादा बताई जा रही है, जिससे राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई है.

अशोक चौधरी भी टॉप तीन में शामिल

खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री अशोक चौधरी करीब 22.39 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं. लंबे समय से सक्रिय राजनीति में रहने वाले अशोक चौधरी कई अहम विभाग संभाल चुके हैं. इसके अलावा विजय सिन्हा, दिलीप जायसवाल, बुलो मंडल समेत कई मंत्री भी करोड़ों की संपत्ति वाले नेताओं में शामिल हैं.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की घोषित संपत्ति करीब 6.38 करोड़ रुपये बताई गई है. लेकिन नई कैबिनेट में लगभग 10 मंत्री ऐसे हैं जिनकी संपत्ति इससे ज्यादा है. इससे साफ है कि बिहार की राजनीति में आर्थिक रूप से मजबूत नेताओं की मौजूदगी तेजी से बढ़ी है. राजनीतिक जानकार इसे बदलते चुनावी दौर और बढ़ते संसाधन आधारित राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

तीन मंत्री अब भी एक करोड़ से नीचे

जहां ज्यादातर मंत्री करोड़पति हैं, वहीं तीन मंत्री ऐसे भी हैं जिनकी संपत्ति 1 करोड़ रुपये से कम है. इनमें कुछ नए चेहरे शामिल हैं. सबसे कम संपत्ति वाले मंत्री के रूप में एलजेपी (रा) के संजय कुमार का नाम सामने आया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनकी कुल संपत्ति करीब 23 लाख रुपये बताई जा रही है.

नई कैबिनेट में महिला मंत्रियों की आर्थिक स्थिति भी चर्चा में है. आंकड़े बताते हैं कि महिला मंत्रियों की औसत संपत्ति पुरुष मंत्रियों के मुकाबले करीब पांच गुना ज्यादा है. इससे साफ है कि नई सरकार में महिलाओं की मौजूदगी सिर्फ राजनीतिक प्रतिनिधित्व तक सीमित नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से भी मजबूत है.

इसे भी पढ़ें: सारण, सीतामढ़ी से अररिया तक, इन 13 जिलों के विधायकों को नहीं मिली सम्राट कैबिनेट में जगह

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >