बिहार बंद हिंसा: मेदांता और आईजीआईएमएस में भर्ती चार घायल, बीडीओ रितेश कुमार की ब्रेन सर्जरी, तेजस्वी यादव ने जाना हाल

बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा में घायल लोगों का इलाज राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है. जयप्रभा मेदांता अस्पताल में तीन प्रदर्शनकारी और एक प्रखंड विकास पदाधिकारी भर्ती हैं, जिनमें से बीडीओ रितेश कुमार की हालत गंभीर होने पर ब्रेन सर्जरी की गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना.

Bihar Bandh Injured: बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा और पुलिस कार्रवाई में घायल लोगों का इलाज राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में जारी है. जयप्रभा मेदांता अस्पताल में तीन घायल प्रदर्शनकारियों समेत चार मरीज भर्ती हैं, जबकि एक अन्य घायल अधिकारी का इलाज आईजीआईएमएस स्थित क्षेत्रीय चक्षु रोग संस्थान (आरआईओ) में चल रहा है. घायलों में रिविलगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी रितेश कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनकी ब्रेन सर्जरी की गई है.

मेदांता में तीन प्रदर्शनकारी और एक बीडीओ भर्ती

मेदांता अस्पताल में भर्ती तीनों घायल प्रदर्शनकारियों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. अस्पताल प्रशासन के अनुसार स्वास्थ्य में सुधार जारी रहने पर उन्हें जल्द छुट्टी दी जा सकती है. इधर, बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रविवार को मेदांता पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. उन्होंने चिकित्सकों से इलाज की जानकारी ली तथा परिजनों से बातचीत की.

15 वर्षीय आरिफ के गले में लगी गोली

घायलों में सबसे कम उम्र के 15 वर्षीय मो. आरिफ शामिल हैं. परिजनों के अनुसार वह दुकान से घर लौट रहा था, तभी गोलीबारी की चपेट में आ गया. गोली उसके गले में लगी थी, जिसे चिकित्सकों ने निकाल दिया है. उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है.

जन्मदिन का केक लेने निकला युवक भी हुआ घायल

दूसरे घायल आकाश यादव रायबरेली का निवासी है. वह जन्मदिन के लिए केक लेकर लौट रहा था, तभी गोलीबारी की घटना में घायल हो गया. इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है.

सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवक के दोनों पैरों में लगी गोली

तीसरे घायल बुलेट गौर सेना भर्ती की तैयारी कर रहे हैं. जानकारी के अनुसार वह जाति प्रमाणपत्र बनवाने गया था. इसी दौरान हुई कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई. चिकित्सकीय निगरानी में उसका इलाज जारी है.

बीडीओ रितेश कुमार की हुई ब्रेन सर्जरी

मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉ. रवि कुमार ने बताया कि रिविलगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी रितेश कुमार की हालत सबसे गंभीर है. उनके सिर पर भारी वस्तु लगने से गंभीर चोट आई थी. जांच में मस्तिष्क में रक्तस्राव और बड़ा रक्त का थक्का मिलने के बाद शनिवार रात उनकी आपातकालीन ब्रेन सर्जरी की गई. ऑपरेशन सफल रहा, लेकिन उन्हें आईसीयू में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है.

बीडीओ दृष्टि पाठक की आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त

आईजीआईएमएस स्थित क्षेत्रीय चक्षु रोग संस्थान के निदेशक डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी दृष्टि पाठक का इलाज संस्थान में जारी है. उनके सिर और आंख में गंभीर चोट आई है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी एक आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. न्यूरोलॉजिकल स्थिति स्थिर होने के बाद सोमवार को आंख की सर्जरी करने की योजना है. फिलहाल उन्हें आईसीयू में रखकर लगातार निगरानी की जा रही है.

पीएमसीएच में भी पहुंचे थे घायल

पीएमसीएच प्रशासन के अनुसार बिहार बंद के दौरान घायल चार लोगों को अस्पताल लाया गया था. इनमें से तीन मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है. एक मरीज अभी भी भर्ती है, जिसके पैर में फ्रैक्चर है. चिकित्सकों की टीम उसके ऑपरेशन की तैयारी कर रही है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anand tiwary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >