NEET पेपर लीक, छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और माले विधायक संदीप सौरभ की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को बिहटा में महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और पेपर लीक पर रोक लगाने की मांग उठाई.
महागठबंधन के कई नेता रहे शामिल
प्रदर्शन में माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र यादव, पूर्व मुखिया राजेश प्रसाद, किसान नेता संतोष सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य पूनम सिंह, जगरनाथ चौधरी, अभिनास यादव, श्रवण कुमार और राजद प्रखंड अध्यक्ष राजू यादव समेत महागठबंधन के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. सभी ने छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की.
पेपर लीक पर उठाए सवाल
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुखिया राजेश प्रसाद ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और विधायक संदीप सौरभ की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है.
सरकार से की कई मांगें
राजद प्रखंड अध्यक्ष राजू यादव ने कहा कि बिहार बंद का उद्देश्य छात्रों और युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंचाना है. उन्होंने पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और विधायक संदीप सौरभ की तत्काल रिहाई की मांग की.
आंदोलन जारी रखने का ऐलान
महागठबंधन के नेताओं ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की.
