तेजस्वी के बढ़ते क्राइम के आरोपों पर सम्राट चौधरी का जवाब, बोले- गलतफहमी में न रहे विपक्ष

Home Department: बिहार विधानसभा में अपराध के मुद्दे पर सरकार और विपक्ष आमने-सामने आ गए. तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने का आरोप लगाया. गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने जवाब देते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह सक्रिय है और सभी अंतिम फैसले मुख्यमंत्री ही लेते हैं.

Home Department: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य में बढ़ते अपराध को लेकर NDA सरकार पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जब से गृह विभाग छोड़ा है, तब से अपराधी बेलगाम हो गए हैं. विधानसभा के बाहर मीडिया से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सबसे अहम विभाग अपने सहयोगी दल भारतीय जनता पार्टी को सौंप दिया है. जब सरकार का मुखिया गृह विभाग अपने पास नहीं रखता तो हालात बिगड़ते हैं. तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और कानून का डर कम हो गया है.

राज्य की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर

तेजस्वी ने तीखा बयान देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अब सक्रिय नहीं दिखते और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ गई है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासित राज्यों में अपराध ज्यादा हो रहे हैं और बिहार भी उसी राह पर जा रहा है.

गृह विभाग के बजट पर बोलते हुए डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया. उन्होंने साफ कहा कि सरकार का नेतृत्व आज भी नीतीश कुमार के हाथ में है. सिर्फ विभागों की जिम्मेदारी बदली है, लेकिन अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री ही लेते हैं.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

चौधरी ने पेश किये आंकड़े

सम्राट चौधरी ने कहा कि अपराध की घटनाएं हुई हैं, लेकिन पुलिस लगातार कार्रवाई भी कर रही है. उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि हत्या और डकैती के मामलों में करीब 7000 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. 2500 से ज्यादा लूट के आरोपी पकड़े गए हैं और पुलिस पर हमला करने वाले 2700 लोगों को भी हिरासत में लिया गया है. किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जा रहा है.

गृह मंत्री ने यह भी कहा कि पुलिस को पूरी छूट दी गई है और सरकार किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं करती. उन्होंने पुराने शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि अब बिहार में सुशासन की व्यवस्था कायम है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >