Bihar Accident: नालंदा में सड़क हादसा, बाइक पर चढ़ा अज्ञात वाहन, युवक की मौत

Bihar Accident: पत्नी की तबीयत खराब की खबर सुनकर एक युवक अपने तीन दोस्तों के साथ बाइक से घर लौट रहा था. नालंदा के बिन्द थाना क्षेत्र के अलीपुर मोड़ के निकट एक अज्ञात वाहन ने बाइक को धक्का मार दिया. इस घटना में युवक की मौत हो गई. जबकि उसके दो साथी बुरी तरह जख्मी हैं.

Bihar Accident: नालंदा. नालंदा में भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गयी, वहीं दो गंभीर रूप से घायल हैं. घटना बिन्द थाना क्षेत्र के मेन रोड बिहटा-सरमेरा के पास अलीपुर मोड़ की है. जहां एक बाइक से तीन युवक सरमेरा थाना क्षेत्र के मिसिया गांव से नूरसराय के चंडासी गांव जा रहे थे. इसी बीच अलीपुर मोड़ के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी. जिससे बाइक का बैलेंस बिगड़ गया और हादसा हुआ.

हायर सेंटर रेफर किए गए घायल

मिली जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर सरमेरा थाना क्षेत्र के मिसिया गांव से नूरसराय के चंडासी गांव जा रहे थे. इसी बीच बिन्द थाना क्षेत्र के अलीपुर मोड़ के पास एक वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. जिससे बाइक के टुकड़े हो गये और उस पर सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बिन्द प्राथमिक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया. जबकि दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.

पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर घर लौट रहा था मृतक

मृतक की पहचान नूरसराय थाना क्षेत्र के चंडासी गांव निवासी धर्मवीर कुमार (22) के रूप में हुई है. वहीं इस हादसे में सरमेरा थाना क्षेत्र के पिंटू कुमार (25) एवं नई दिल्ली के दयालपुर थाना क्षेत्र के नेहरू विहार निवासी राजू यादव गंभीर रूप से जख्मी हैं. जानकारी के अनुसार धर्मवीर कुमार किसी काम से सरमेरा गया हुआ था. पत्नी की तबीयत खराब की खबर मिलने के बाद वह दोस्तों के साथ घर लौट रहा था. इसी दौरान वह सड़क हादसे का शिकार हो गया.

मामले की जांच जारी

बिंद थानेदार चंदन कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर हॉस्पिटल भेज दिया गया है. अज्ञात वाहन की पहचान की जा रही है. आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है.

Also Read: Bihar News: बिहार ने 20 वर्षों में ऊर्जा के क्षेत्र में रचा इतिहास, उत्पादन क्षमता में की 7 गुना वृद्धि

Posted By: श्रीति सागर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >