Patna Beltron Candidate Protest : पटना के गर्दनीबाग में पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे बेल्ट्रॉन के अभ्यर्थियों ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का ऐलान किया है. अभ्यर्थी 4808 क्वालिफाइड अभ्यर्थियों की आधिकारिक वेटिंग लिस्ट जारी करने और 9808 अभ्यर्थियों को पूर्ण नियुक्ति देने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं.
4808 अभ्यर्थियों की वेटिंग लिस्ट जारी करने की मांग
अभ्यर्थियों का कहना है कि अब तक करीब 5000 अभ्यर्थियों की प्रोविजनल लिस्ट जारी की गयी है. इसके बावजूद बड़ी संख्या में क्वालिफाइड अभ्यर्थी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं. अभ्यर्थियों की मांग है कि 4808 क्वालिफाइड अभ्यर्थियों की आधिकारिक वेटिंग लिस्ट जारी की जाए और 9808 अभ्यर्थियों को पूर्ण नियुक्ति दी जाए.
कई दिनों से गर्दनीबाग में जारी है धरना
अपनी मांगों को लेकर अभ्यर्थी लगातार गर्दनीबाग स्थित धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रहे हैं. उनका कहना है कि जब तक नियुक्ति से जुड़ी उनकी मांगों पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
मुख्यमंत्री आवास घेराव के ऐलान के बाद सुरक्षा बढ़ी
अभ्यर्थियों की ओर से मुख्यमंत्री आवास के घेराव के ऐलान के बाद प्रशासन ने गर्दनीबाग धरना स्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी है. धरना स्थल के सभी दरवाजे प्रशासन की ओर से बंद कर दिये गये हैं. इससे अभ्यर्थियों के बाहर निकलने को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.
पुलिस बल तैनात, प्रशासन की नजर
मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गयी है. प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है. मुख्यमंत्री आवास की ओर अभ्यर्थियों के संभावित मार्च को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाया गया है.
भारी बारिश में भी धरने पर डटे अभ्यर्थी
पटना में हो रही भारी बारिश के बावजूद बेल्ट्रॉन के अभ्यर्थी धरना स्थल पर डटे हुए हैं. अभ्यर्थियों का कहना है कि नियुक्ति से जुड़ी मांगों पर फैसला होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
