Bankipur Bypoll 2026: पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव अब बिहार की राजनीति का सबसे चर्चित मुकाबला बनता जा रहा है. यह सिर्फ एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं माना जा रहा, बल्कि कई बड़े राजनीतिक संदेश देने वाला चुनाव हो सकता है. भाजपा के लिए यह अपनी साख बचाने की लड़ाई है, जबकि जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर अगर मैदान में उतरते हैं तो यह उनके राजनीतिक करियर की सबसे बड़ी परीक्षा भी होगी.
हालांकि अभी प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने पर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. जनसुराज की ओर से रविवार को मत्वपूर्ण प्रेस कांफ्रेंस बुलाई गई है. जिसमें उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया जाएगा.
क्यों हो रहा है बांकीपुर में उपचुनाव?
बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई है. अब इस सीट पर उपचुनाव होना है. नितिन नवीन कई बार इसी सीट से विधायक चुने गए. उन्होंने यहां भाजपा का मजबूत संगठन खड़ा किया. यही वजह है कि इस सीट को लंबे समय से भाजपा का सबसे सुरक्षित गढ़ माना जाता है.
चार दशक से भाजपा का मजबूत गढ़
बांकीपुर विधानसभा सीट पर पिछले करीब 40 वर्षों से भाजपा का मजबूत प्रभाव रहा है. शहरी क्षेत्र होने के कारण यहां पार्टी का परंपरागत वोट बैंक मजबूत माना जाता है. लगातार चुनावी जीत ने भाजपा को इस सीट पर आत्मविश्वास दिया है. लेकिन इस बार परिस्थितियां पहले जैसी नहीं दिख रही हैं. विपक्ष भी इस चुनाव को पूरी ताकत से लड़ने की तैयारी कर रहा है.
भाजपा के लिए क्यों अहम है यह चुनाव?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह चुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है. क्योंकि यह सीट अब सीधे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से जुड़ी हुई है. अगर भाजपा यहां आसानी से जीत दर्ज करती है तो वह इसे अपनी संगठनात्मक ताकत और जनसमर्थन का प्रमाण बताएगी. लेकिन अगर मुकाबला कड़ा होता है या परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं आता, तो विपक्ष इसे भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका बताएगा.
इसी वजह से पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को एक्टिव करने की तैयारी में जुटी है. बड़े नेताओं की सभाएं और चुनावी अभियान भी तेज हो सकते हैं.
विकास को बनाएगी चुनावी मुद्दा
भाजपा इस चुनाव में केंद्र और बिहार सरकार की योजनाओं को प्रमुखता से उठाएगी. इसके साथ ही पटना में हुए विकास कार्यों और नितिन नवीन के विधायक रहते हुए किए गए कामों को भी जनता के बीच रखा जाएगा. पार्टी की कोशिश होगी कि उसका पारंपरिक वोट बैंक पूरी तरह उसके साथ बना रहे.
क्या बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर?
सबसे ज्यादा चर्चा जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को लेकर हो रही है. पार्टी के करीबी सूत्रों का दावा है कि उन्हें बांकीपुर से चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी है. अगर ऐसा होता है तो मुकाबला सीधे भाजपा और जन सुराज के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई बन जाएगा. हालांकि इस पर अंतिम फैसला अभी आना बाकी है.
जनसुराज किन मुद्दों पर लड़ेगी चुनाव?
जनसुराज का कहना है कि बांकीपुर की जनता बदलाव चाहती है. पार्टी का दावा है कि लंबे समय से एक ही दल के प्रतिनिधित्व के बावजूद कई स्थानीय समस्याएं अब भी बनी हुई हैं. पार्टी ट्रैफिक जाम, जलजमाव, सफाई व्यवस्था, पार्किंग की समस्या, रोजगार और शहर की बुनियादी सुविधाओं को प्रमुख चुनावी मुद्दा बना सकती है. जन सुराज का मानना है कि अगर चुनाव स्थानीय मुद्दों पर केंद्रित रहा तो भाजपा को कड़ी चुनौती मिल सकती है.
महागठबंधन भी बना रहा रणनीति
बांकीपुर उपचुनाव पर महागठबंधन की भी नजर है. फिलहाल उम्मीदवार को लेकर कोई घोषणा नहीं हुई है. लेकिन माना जा रहा है कि राजद और कांग्रेस भाजपा को आसान जीत नहीं मिलने देना चाहेंगे. अगर विपक्ष साझा रणनीति बनाकर मजबूत उम्मीदवार उतारता है तो मुकाबला त्रिकोणीय और काफी रोचक हो सकता है.
विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा संकेत
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस उपचुनाव का असर सिर्फ बांकीपुर तक सीमित नहीं रहेगा. अगले विधानसभा चुनाव से पहले यह परिणाम बिहार की राजनीति का रुख भी दिखा सकता है. अगर भाजपा अपनी सबसे मजबूत सीट बचा लेती है तो उसका मनोबल बढ़ेगा. वहीं विपक्ष अगर यहां कड़ी टक्कर देता है तो यह संदेश जाएगा कि बिहार में राजनीतिक मुकाबला पहले से ज्यादा दिलचस्प हो चुका है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
प्रशांत किशोर के लिए होगी बड़ी परीक्षा
अगर प्रशांत किशोर चुनाव लड़ते हैं तो यह उनके लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा. पिछले कुछ वर्षों से वह बिहार में नई राजनीति की बात कर रहे हैं. उन्होंने पदयात्रा की, जन सुराज अभियान चलाया और फिर अपनी पार्टी बनाई. ऐसे में भाजपा के सबसे मजबूत गढ़ में उतरकर अच्छा प्रदर्शन करना उनके राजनीतिक भविष्य के लिए अहम माना जाएगा. 2025 विधानसभा चुनाव में जनसुराज के एक भी उम्मीदवार को जीत नहीं मिली थी.
फिलहाल भाजपा, जनसुराज और महागठबंधन तीनों की नजर बांकीपुर सीट पर टिकी हुई है. उम्मीदवारों की घोषणा के बाद चुनावी तस्वीर और साफ होगी. इतना तय है कि यह उपचुनाव सिर्फ एक सीट का चुनाव नहीं रहेगा, बल्कि बिहार की बदलती राजनीति, भाजपा की साख और प्रशांत किशोर की राजनीतिक विश्वसनीयता की भी बड़ी परीक्षा साबित हो सकता है.
