Bankipur By-election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. मतदान के दिन 30 जुलाई को सुबह पांच बजे से ही पुलिस पदाधिकारी और जवान सड़कों पर उतर जाएंगे तथा लगातार गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे.
मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगी ईवीएम, सुरक्षा बलों की होगी तैनाती
प्रशासन के अनुसार 29 जुलाई की शाम तक सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम पहुंचा दी जाएगी. जिन स्कूलों और भवनों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं, उन्हें प्रशासन ने अपने नियंत्रण में ले लिया है. मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती भी मंगलवार शाम तक पूरी कर ली जाएगी.
14 कंपनी अर्धसैनिक बल और 5000 पुलिसकर्मी तैनात
उपचुनाव को लेकर 14 कंपनी अर्धसैनिक बल पहले ही पटना पहुंच चुकी है. इसके अलावा मतदान केंद्रों से लेकर प्रमुख सड़कों तक सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 5000 पुलिस पदाधिकारी और जवानों की ड्यूटी लगाई गई है.
हर थाने में बनाए गए दो अतिरिक्त चेक पोस्ट
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोतवाली, जक्कनपुर, सचिवालय, गांधी मैदान समेत अन्य थानों में पहले से मौजूद चेक पोस्ट के अलावा दो-दो नए चेक पोस्ट बनाए गए हैं. इन चेक पोस्टों पर सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है.
आईजी जितेंद्र राणा ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों को लेकर आईजी जितेंद्र राणा ने पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में पटना एसएसपी, सिटी एसपी पूर्वी और पश्चिमी समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे. आईजी ने वज्रगृह से ईवीएम प्राप्त करने से लेकर मतदान के बाद स्ट्रांग रूम में जमा होने तक सुरक्षा व्यवस्था पूरी सतर्कता के साथ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी पोलिंग पार्टी और सुरक्षा बल मतदान से पूर्व की रात संबंधित मतदान केंद्रों पर ही ठहरेंगे.
200 गज के दायरे में नहीं लगेगी भीड़
आईजी ने मतदान केंद्रों के 200 गज के दायरे में किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से खड़े रहने या भीड़ लगाने की अनुमति नहीं देने का निर्देश दिया है. साथ ही सुरक्षा बलों को लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा गया है.
होटल और लॉज की सघन जांच
चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद होटल और लॉज की जांच तेज कर दी गई है. पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध राजनीतिक गतिविधियों पर विशेष नजर रख रही है. आईजी ने निर्देश दिया कि यदि किसी होटल या लॉज में संदिग्ध व्यक्ति या चुनाव प्रभावित करने वाली गतिविधि पाई जाती है तो तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए. इसके साथ ही मतदाताओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के लिए अर्धसैनिक बलों के साथ एरिया डोमिनेशन और फ्लैग मार्च भी कराया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में शिक्षकों के लिए नई एसओपी जारी, ट्रांसफर से पहले ये 5 बातें जानना जरूरी
