Patna Murder investigation: शाहपुर थाना क्षेत्र के सिंकदरपुर नीतीश आहार निवासी बबन राय की गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस ने 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. मृतक के भाई पप्पू राय के बयान पर दर्ज मामले में मुख्य आरोपी पिंटू कुमार और धर्मवीर राय समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया है.
नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है. पुलिस विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप
जानकारी के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र के सिंकदरपुर नीतीश आहार निवासी राजेश्वर राय के 27 वर्षीय पुत्र बबन राय की शनिवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना में बबन राय के सिर में गोली मारी गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई. मृतक के भाई पप्पू राय ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 से चाचा पक्ष के साथ विवाद चल रहा था. इसी रंजिश के कारण उनके चचेरे भाई पिंटू कुमार, धर्मवीर राय और अन्य लोगों ने मिलकर बबन राय की गोली मारकर हत्या कर दी.
पुलिस कर रही मामले की जांच
शाहपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई के बयान पर पिंटू कुमार, धर्मवीर राय समेत 9 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
