आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन को मिला राष्ट्रीय सम्मान

डिजिटल स्वास्थ्य के क्षेत्र में बिहार ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करायी है.

संवाददाता,पटना डिजिटल स्वास्थ्य के क्षेत्र में बिहार ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करायी है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) द्वारा 19 एवं 20 जनवरी को भुवनेश्वर में आयोजित आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाइ) एवं आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) की समीक्षा बैठक की गयी. बैठक में बिहार को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में एबीडीएम के प्रभावी, व्यापक और अनुकरणीय क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया. इस अवसर पर आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, बिहार के स्टेट मिशन डायरेक्टर शशांक शेखर सिन्हा को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग तथा एनएचए के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डा सुनील कुमार बरनवाल ने संयुक्त रूप से प्रदान किया. यह सम्मान बिहार में डिजिटल नवाचारों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए किये गये उनके नेतृत्वपूर्ण प्रयासों की राष्ट्रीय मान्यता है. एबीडीएम के तहत बिहार ने कई राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किये हैं. ‘स्कैन एंड शेयर’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पांच करोड़ 21 लाख टोकन बनाकर बिहार देश में पहले स्थान पर रहा. राज्य में छह करोड़ आठ लाख से अधिक लोगों की एबीएचए आईडी बनायी जा चुकी है. इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड के मामले में बिहार देश में चौथे स्थान पर है. ‘भव्या’ परियोजना को ग्लोबल डिजिटल हेल्थ समिट 2024 में इनोवेशन अवॉर्ड भी मिल चुका है. इसके अलावा 47,786 स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं और 29,288 स्वास्थ्य संस्थानों का हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्रेशन और हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्रेशन किया गया है. डिजिटल हेल्थ इंसेंटिव स्कीम के तहत 7,835 सरकारी अस्पतालों का पंजीकरण हुआ है और अब तक 37 करोड़ 60 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का दावा किया गया है जो देश में सर्वाधिक है. मिशन डायरेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत , स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह और राज्य स्वास्थ्य समिति के प्रशासनिक सहयोग से एबीडीएम का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो सका. मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2021 को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की शुरुआत की थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Durgesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >