पटना: एडमिशन के दौरान कॉलेज कार्यालय में घुसकर कर्मी से मारपीट, कागजात फाड़े और कंप्यूटर तोड़ा

पटना के धनरूआ स्थित कामेश्वर प्रसाद सिंह कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया के दौरान एक गंभीर घटना हुई. कॉलेज कार्यालय में घुसकर कंप्यूटर ऑपरेटर सह कार्यालय कर्मी के साथ मारपीट की गई, नामांकन से जुड़े कागजात फाड़ दिए गए और कंप्यूटर को भी नुकसान पहुंचाया गया. पीड़ित कर्मी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है.

Patna News: धनरूआ थाना क्षेत्र के नदवां स्थित कामेश्वर प्रसाद सिंह कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया के दौरान कार्यालय में घुसकर कंप्यूटर ऑपरेटर सह कार्यालय कर्मी के साथ मारपीट करने, नामांकन से जुड़े कागजात फाड़ने और कंप्यूटर क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है. पीड़ित कर्मी ने धनरूआ थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

नामांकन कार्य के दौरान हुआ हंगामा

नदवां निवासी वीरेंद्र कुमार सिंह के पुत्र और कॉलेज कर्मी नीरज कुमार ने बताया कि कॉलेज में इन दिनों सेमेस्टर-5 के नामांकन का कार्य चल रहा है. मंगलवार की दोपहर वह कार्यालय में एडमिशन से संबंधित कार्य कर रहे थे. इसी दौरान गौरीचक थाना क्षेत्र के करमजी फतेहपुर निवासी सूरज कुमार, शिव कुमार सिंह और एक अन्य युवक कार्यालय पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे.

कार्यालय से बाहर खींचकर की मारपीट

आरोप है कि विरोध करने पर तीनों युवकों ने नीरज कुमार को कार्यालय से बाहर खींच लिया और लात-घूंसों से मारपीट की. मारपीट में उनके कंधे में गंभीर चोट आई है. पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान आरोपितों ने उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया.

नामांकन के कागजात फाड़े, कंप्यूटर भी क्षतिग्रस्त

नीरज कुमार ने बताया कि आरोपितों ने नामांकन से संबंधित महत्वपूर्ण कागजात फाड़ दिए और जाते-जाते कार्यालय में रखा कंप्यूटर भी क्षतिग्रस्त कर दिया. इससे कॉलेज में चल रही नामांकन प्रक्रिया प्रभावित हो गई.

अस्पताल में कराया गया उपचार

घटना के बाद अन्य कर्मियों की मदद से नीरज कुमार को अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया.

जांच के बाद होगी कार्रवाई

धनरूआ थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है. शिकायत की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajay kumar masaurhi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >