संवाददाता, पटना
सरकारी स्कूलों में कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षा सोमवार से शुरू हो गयी है. परीक्षा के पहले दिन कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों की गणित और इंग्लिश विषय की मौखिक परीक्षा आयोजित की गयी. सोमवार को पहली पाली में सुबह 10 से 12 गणित और द्वितीय पाली में दोपहर एक से दोपहर तीन बजे तक इंग्लिश की मौखिक परीक्षा आयोजित की गयी. बच्चों की मौखिक परीक्षा में दूसरे क्लास के टीचर्स ने रौल नंबर के अनुसार बच्चों को बुलाकर बारी-बारी से सवाल पूछे और उनके परफॉर्मेंस के आधार पर मार्किंग शीट में मार्किंग की गयी. जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि सभी शिक्षकों को यह बताया गया था कि बच्चों को क्लास के पाठ्यक्रम के अनुसार ही सवाल पूछना है. इसके अलावा मौखिक परीक्षा में जिन बच्चों का प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा है उनकी अलग सूची तैयार कर परीक्षा के बाद उन्हें आगे कि पंक्ति में क्लास में बैठाकर विशेष ध्यान देना होगा. मंगलवार को दूसरे दिन कक्षा एक और दो के बच्चों के लिए हिंदी और उर्दू विषय की मौखिक परीक्षा आयोजित की जायेगी. वार्षिक परीक्षा 20 मार्च तक चलेगी. परीक्षा खत्म होने के बाद स्कूलों में एक अप्रैल से नये सत्र की पढ़ाई शुरू हो जायेगी. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने 26 मार्च तक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
