Patna News : पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के मौजीपुर कृपालटोला में मंगलवार को करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत के बाद लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा. मृतक की पहचान 45 वर्षीय बिल्टु राय, पिता शंकर राय, के रूप में हुई है. परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया है.
खेत में पानी पटाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार बिल्टु राय खेत में पानी पटा रहे थे. इसी दौरान उन्हें करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए. परिजन उन्हें तत्काल फतुहा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
शव रखकर किया सड़क जाम, आवागमन रहा बाधित
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मौजीपुर कृपालटोला के पास शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. करीब एक घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा.
पुलिस ने समझाकर खुलवाया जाम
घटना की सूचना पर फतुहा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. बाद में नदी थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया. अधिकारियों ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया.
बिजली विभाग पर उठे सवाल
परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है. उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
