पटना में खेत की जुताई के दौरान मिलीं भगवान विष्णु-लक्ष्मी और शिव की प्राचीन प्रतिमाएं, दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

फुलवारीशरीफ के एक गांव में खेत की जुताई के दौरान भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और भगवान शिव की प्राचीन पत्थर की प्रतिमाएं मिली हैं। इस खबर के बाद इलाके में श्रद्धा और कौतूहल का माहौल है।

patna News: फुलवारीशरीफ के कोरजी मोहम्मदपुर गांव में शनिवार को खेत की जुताई के दौरान जमीन के अंदर से भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और भगवान शिव की पत्थर की प्रतिमाएं मिलने के बाद पूरे इलाके में कौतूहल और श्रद्धा का माहौल बन गया. प्रतिमाओं के मिलने की खबर फैलते ही गांव के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे. श्रद्धालु प्रतिमाओं के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं.

खेत की जुताई के दौरान मिलीं प्रतिमाएं

जानकारी के अनुसार, कोरजी मोहम्मदपुर निवासी किसान अजीत भारती अपने खेत की जुताई करा रहे थे. इसी दौरान करीब तीन से चार फीट गहराई पर हल की टक्कर किसी कठोर वस्तु से हुई. इसके बाद जब वहां खुदाई की गई तो जमीन के भीतर से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की संयुक्त प्रतिमा तथा भगवान शिव की एक अन्य प्रतिमा निकली.

पत्थर की बनी हैं प्रतिमाएं, प्राचीन होने की संभावना

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों प्रतिमाएं पत्थर की बनी हुई हैं और देखने में काफी प्राचीन प्रतीत होती हैं. प्रतिमाओं के मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंचने लगे और पूजा-अर्चना शुरू कर दी. क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों के बीच विशेष उत्साह देखा जा रहा है.

मौके पर पहुंची पुलिस, प्रशासन ने शुरू की प्रक्रिया

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली. प्रशासन ने प्रतिमाओं को लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रतिमाओं के संरक्षण और उनके संबंध में आवश्यक जांच की प्रक्रिया में जुटे हैं.

पुरातत्व विभाग से जांच कराने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि यदि इन प्रतिमाओं की पुरातत्व विभाग से जांच कराई जाए तो इनके इतिहास और वास्तविक समयकाल की जानकारी सामने आ सकती है. लोगों का मानना है कि प्रतिमाएं ऐतिहासिक महत्व की हो सकती हैं, इसलिए उनका वैज्ञानिक और पुरातात्विक परीक्षण कराया जाना चाहिए.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >