Anand Mohan: पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन ने कहा कि आज जदयू में थैली की राजनीति चल रही है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मजबूरी का फायदा उठाया जा रहा है. उनके इस बयान के बाद से बयानबाजी तेज हो गई है. आनंद मोहन खुद जदयू में नहीं हैं, लेकिन उनकी पत्नी लवली आनंद पार्टी से सांसद हैं और उनके बेटे चेतन आनंद जदयू विधायक हैं.
जदयू प्रवक्ता बोले- नीतीश नहीं होते तो शायद जेल से बाहर भी नहीं आते
आनंद मोहन के बयान पर जदयू ने खुलकर पलटवार किया है. पार्टी प्रवक्ता निहोरा यादव ने कहा कि आनंद मोहन खुद पार्टी में नहीं हैं, यह बात वह खुद भी मान चुके हैं. लेकिन उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि अगर नीतीश कुमार नहीं होते, तो शायद वह आज जेल से बाहर भी नहीं आ पाते. उन्होंने कहा कि जदयू को कमजोर करने की कोई भी कोशिश सफल नहीं होगी. निहोरा यादव ने यह भी कहा कि आनंद मोहन को थोड़ा कृतज्ञ होना चाहिए, क्योंकि पार्टी ने उनके परिवार को बड़ा राजनीतिक सम्मान दिया है.
पत्नी सांसद, बेटा विधायक बना तो पार्टी अच्छी थी, अब सवाल क्यों
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी ने लवली आनंद को सांसद बनाया और चेतन आनंद को विधायक बनने का मौका दिया. ऐसे में पार्टी पर सवाल उठाना ठीक नहीं है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब परिवार के लोगों को राजनीतिक अवसर मिल रहे थे, तब पार्टी अच्छी लग रही थी. अब अगर मनचाही राजनीतिक भूमिका नहीं मिली तो पार्टी खराब हो गई. उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलती और जदयू सबके लिए काम करने वाली पार्टी है.
नीरज कुमार बोले- जदयू में पैसे के दम पर राजनीति संभव नहीं
जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी आनंद मोहन के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया. उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाइटेड में पैसे के दम पर कोई विधान परिषद, राज्यसभा, लोकसभा या विधानसभा तक नहीं पहुंच सकता. यही जदयू की सबसे बड़ी पहचान है. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि कोई एक उदाहरण दे दे जहां धन के बल पर पार्टी में राजनीतिक पद मिला हो.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
विकास का पूरा श्रेय नीतीश कुमार को जाता है
नीरज कुमार ने कहा कि बिहार में गांव की सड़क, बिजली, स्कूल और विकास की जो तस्वीर दिख रही है, उसके पीछे नीतीश कुमार की सोच और योजनाएं हैं. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार सिर्फ समर्थकों के ही नहीं, बल्कि विरोधियों के मन में भी जगह रखते हैं. जदयू नेताओं ने कहा कि पार्टी पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं और बिहार के विकास मॉडल को कमजोर करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार TRE-4 पर शिक्षा मंत्री ने दिया अपडेट, बोले- तैयारी करो, जल्द आएगा शिक्षक भर्ती विज्ञापन
