Patna News : पटना जिला के धनरूआ प्रखंड के बहरामपुर ओपी क्षेत्र स्थित बासबीघा गांव में 61 वर्षीय विधवा महिला कुसुम देवी के कथित तौर पर जहर खाने का मामला सामने आया है. गंभीर हालत में महिला का इलाज बेलदारीचक स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है. परिजनों ने गांव के ही पट्टेदारों पर जमीन विवाद को लेकर महिला को जहर देने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर बहरामपुर ओपी में लिखित शिकायत भी दी गयी है.
अचानक बिगड़ी महिला की तबीयत, अस्पताल में भर्ती
परिजनों के अनुसार, बुधवार की सुबह करीब नौ बजे कुसुम देवी अपने घर में थीं. इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गयी. जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें आनन-फानन में बेलदारीचक स्थित निजी अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. परिजनों के मुताबिक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है.
जमीन विवाद को लेकर पट्टेदारों पर लगाया आरोप
थाने में दी गयी शिकायत में कुसुम देवी के भतीजे सह धनरूआ के पथरहट निवासी रमेश कुमार ने आरोप लगाया है कि उनकी बुआ का गांव के ही पट्टेदारों के साथ जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. आरोप है कि इसी विवाद के कारण पट्टेदार पक्ष के लोगों ने उन्हें जहर दे दिया. रमेश कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में महिला के साथ मारपीट और धमकी की घटना हो चुकी है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
रमेश कुमार ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. फिलहाल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बतायी जा रही है. बहरामपुर ओपी पुलिस मामले की जांच करने की बात कह रही है. महिला को जहर कैसे और किन परिस्थितियों में दिया गया, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
