AI-generated pornographic image : पटना जिले के मोकामा इलाके की रहने वाली एक सरकारी विभाग में कार्यरत महिला की एआई की मदद से अश्लील और आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है. इस संबंध में महिला के रिश्तेदार ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. आरोप उसी सरकारी विभाग में पूर्व में कार्यरत एक कर्मचारी पर लगाया गया है.
एआई से तस्वीर एडिट कर भेजने का आरोप
आवेदन के अनुसार, आरोपी पिछले कुछ समय से महिला की एआई द्वारा तैयार की गयी अश्लील और आपत्तिजनक तस्वीरें वॉट्सऐप के माध्यम से भेज रहा है. आरोप है कि उसने ये तस्वीरें महिला के रिश्तेदार के अलावा उसके सहकर्मी और पति को भी भेजी हैं. साथ ही फोन कर धमकी भी दी जा रही है.
तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर मांगे 1.50 लाख
आरोप है कि तस्वीरों को सार्वजनिक नहीं करने और उन्हें हटाने के एवज में आरोपी ने 1.50 लाख रुपये की मांग की. पैसे नहीं देने पर तस्वीरें डिलीट नहीं करने और उन्हें समाज में वायरल करने की धमकी दी जा रही है.
पहले भी शादी का दबाव बनाने का आरोप
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी और उसकी मां पूर्व में महिला पर शादी के लिए दबाव बना रहे थे. बात नहीं मानने पर रास्ते में घेरकर जान से मारने की धमकी भी दी गयी थी.
साइबर थाने में प्राथमिकी, जांच शुरू
मामले में पुलिस ने साइबर अपराध, ब्लैकमेलिंग और धमकी से जुड़ी धाराओं के तहत साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और आरोपी की भूमिका समेत एआई से तैयार तस्वीरों को प्रसारित किए जाने के मामले की भी छानबीन की जा रही है.
