पटना: श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर बैकटपुर मंदिर में प्रशासनिक बैठक, सुरक्षा के लिए लगेंगे 32 सीसीटीवी कैमरे

सावन माह के आगमन को देखते हुए बैकटपुर मंदिर परिसर में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक हुई. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विशेषकर महिला सुरक्षा पर जोर दिया गया. 32 CCTV कैमरे और गंगा घाट पर विशेष इंतजाम किए जाएंगे.

Patna News: सावन माह के आगमन को देखते हुए बुधवार को बैकटपुर मंदिर परिसर में पटनासिटी अनुमंडल पदाधिकारी सत्यम सहाय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई. बैठक का संचालन मंदिर न्यास समिति के सचिव राजाराम सिंह ने किया. 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन माह और 3 अगस्त की पहली सोमवारी को लेकर श्रावणी मेले की तैयारियों की समीक्षा की गई.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

बैठक में श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा हुई. विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. चैन स्नेचिंग जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए मंदिर परिसर और गर्भगृह में कुल 32 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. एसडीओ सत्यम सहाय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेले के दौरान किसी भी श्रद्धालु को पिछले दरवाजे से प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. उन्होंने मंदिर परिसर को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा बिजली, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

गंगा घाट पर रहेगी विशेष निगरानी

मंदिर समिति के सचिव राजाराम सिंह ने बताया कि गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग की जाएगी. श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गंगा घाट पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम भी तैनात रहेगी. उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के अंदर महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की जाएगी. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिला एवं पुरुष सुरक्षा बलों की अलग-अलग टीमें भी तैनात रहेंगी.

वॉलिंटियर की होगी जांच

बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर में केवल वही वॉलिंटियर सेवा देंगे जिनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं होगा. इसकी जांच स्थानीय थानाध्यक्ष द्वारा कराई जाएगी.

नगर पंचायत करेगी सफाई और पानी की व्यवस्था

नगर अध्यक्ष मिंटू कुमार ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से मेले के दौरान सफाई कर्मियों की तैनाती, पानी के टैंकर और ब्लीचिंग पाउडर की व्यवस्था की जाएगी. बैठक में बीडीओ पूजा कुमारी, थानाध्यक्ष संजीव कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी प्रमोद रजक, नगर अध्यक्ष मिंटू कुमार, मंदिर सचिव राजाराम सिंह समेत मंदिर न्यास समिति के सदस्य उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Naveen kumar singh

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >