Patna News : शराब बेचने का विरोध किया, तो महिला दुकानदार को मारी गोली

शराब व स्मैक बेचने का विरोध करने पर एक महिला दुकानदार को बदमाशों ने गोली मार कर घायल कर दिया. इस मामले में पांच नामजद व दो अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है.

संवाददाता, पटना : बुद्धा कॉलोनी थाने के दुजरा में महिला दुकानदार सोनी देवी को रविवार की रात करीब 11 बजे बदमाशों ने गोली मार दी. उन्हें बदमाशों ने दो गोलियां मारीं. एक उनके हाथ और दूसरी सीने में लगी है. हाथ की गोली डॉक्टरों ने निकाल दी है, जबकि सीने की गोली निकालने की प्रक्रिया जारी है. सोनी देवी पीएमसीएच में इलाजरत हैं. घटना का कारण शराब और स्मैक बेचने का विरोध करना बताया जाता है. सोनी देवी एक पार्टी की वार्ड 24 अध्यक्ष भी हैं. सोनी देवी दुजरा के देवी स्थान की रहने वाली हैं और उनके पति का नाम रामप्रवेश कुमार है. घर के बगल में ही राज कॉम्प्लेक्स के समीप उनकी जेनरल स्टोर की दुकान है. सोनी देवी के बयान के आधार पर मनीष कुमार सहित पांच को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. साथ ही दो अज्ञात पर भी केस दर्ज किया गया है. इस मामले में पुलिस ने मनीष को हिरासत में ले लिया है. डीएसपी विधि-व्यवस्था संगीता ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी संख्या 157/25 दर्ज कर ली गयी है और नामजद आरोपित मनीष से पूछताछ की जा रही है.

दुकान बंद करने की कर रही थीं तैयारी

सोनी देवी ने बताया कि रविवार की रात 11 बजे वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रही थीं. इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाली मुन्नी देवी, उसका बेटा मनीष सहित तीन चार लोग आ धमके और लूटपाट करने के साथ ही गोली मारकर घायल कर दिया. मुन्नी देवी ने बताया कि उनका पड़ोसी मनीष शराब व स्मैक का धंधा करता है और कई बार उसे यह काम करने से मना कर चुकी हैं. इसको लेकर पहले भी बहस हो चुकी है. सोनी देवी ने बताया कि उन लोगों ने गोली मारने के बाद गल्ले में रहे पांच हजार नकद और सोने का लॉकेट भी निकाल लिया. इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस पहुंची और घटनास्थल की जांच की. साथ ही पुलिस ने पीएमसीएच में घायल सोनी देवी से फर्द बयान भी लिया, जिसमें उन्होंने मनीष, उसकी मां मुन्नी व अन्य नाम लिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay kumar sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >