दीघा से सभ्यता द्वार तक बनेगा पार्क, वाकिंग व साइकिल ट्रैक

पटना शहरवासियों को जेपी गंगा पथ के दक्षिण खाली इलाके में सैर-सपाटे का अद्भुत आनंद मिलेगा

प्रमोद झा, पटना पटना शहरवासियों को जेपी गंगा पथ के दक्षिण खाली इलाके में सैर-सपाटे का अद्भुत आनंद मिलेगा. साथ ही लोगों को प्रदूषणमुक्त स्वच्छ हवा मिलेगी. सारी प्रक्रिया व काम समय से पूरा हुआ तो दो साल में शहरवासियों को यह सुविधा मिलेगी. जेपी गंगा पथ के दक्षिण इलाके में दीघा से सभ्यता द्वार के बीच छह किलोमीटर क्षेत्र में समग्र उद्यान विकसित करने की तैयारी है. इसमें पार्क का निर्माण के साथ हरियाली विकसित किये जायेंगे. लोगों को घूमने के लिए वॉकिंग ट्रैक बनाया जायेगा. साइकिल की सवारी करनेवाले के लिए साइकिल ट्रैक भी तैयार होंगे. सभ्यता द्वार के पास बटर फ्लाई पार्क बनेगा. शहर के लिए यह अद्भुत होगा. बिहार राज्य पथ विकास निगम की ओर से रिवर फ्रंट को हरित क्षेत्र में विकसित करने को लेकर तैयारी शुरू कर दी गयी है. पहले फेज में समग्र उद्यान प्रोजेक्ट पर लगभग 313 करोड़ खर्च होंगे. बीएसआरडीसी ने इसके निर्माण को लेकर एजेंसी के चयन के लिए टेंडर जारी किया है. इच्छुक एजेंसी 27 अप्रैल से 26 मई 2025 तक टेंडर भर सकते हैं. समग्र उद्यान के निर्माण के लिए आर कॉम कंसल्टेंट ने डीपीआर तैयार किया है.

एक लाख से अधिक पौधे लगाये जायेंगे, पार्किंग की होगी व्यवस्था

दीघा से सभ्यता द्वार के बीच हरित क्षेत्र विकसित करने के लिए अलग-अलग किस्म के एक लाख से अधिक पौधे लगाये जायेंगे. छोटे-छोटे आकार में खूबसूरत दिखनेवाले पौधे लाकर लगाने की योजना है. 50 हेक्टेयर से अधिक हरित क्षेत्र विकसित किया जायेगा. आठ हेक्टेयर में वानस्पतिक उद्यान बनाया जायेगा. छह किलोमीटर हरित क्षेत्र में पैदल घूमनेवाले के लिए वाकिंग ट्रैक बनेगा. इसके बगल में साइकिल ट्रैक भी बनाये जायेंगे. हरित क्षेत्र में छोटे-छोटे पार्क में लोगों के बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था रहेगी. सभ्यता द्वार के पास बटरफ्लाई पार्क आकर्षक होगा. पार्क घूमने के लिए आनेवाले लोगों के लिए चार हजार कार व 13 हजार दो पहिया पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.

समग्र उद्यान के निर्माण पर 313 करोड़ खर्च होंगे

जेपी गंगा पथ के दक्षिण समग्र उद्यान के पहले फेज के निर्माण पर लगभग 313 करोड़ खर्च होंगे. बिहार राज्य पथ विकास निगम की ओर से जारी टेंडर की प्रक्रिया में दो साल में समग्र उद्यान का निर्माण करने का समय निर्धारित है. टेंडर में शामिल होनेवाले एजेंसियों के लिए सात मई को प्री बिड मिटिंग होगी. 28 मई को टेक्निकल बिड खुलेगा. इसमें सफल एजेंसियों को फाइनेंशियल बिड में शामिल किया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumar prabhat

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >