पटना: कोहरे की कहर में लगातार 20 दिनों तक एक्सप्रेस व सुपरफास्ट ट्रेनें घंटों विलंब से जंकशन पहुंच रही थी. प्रीमियम ट्रेनों को ससमय परिचालन कराने को लेकर ट्रेन रद्द भी की गयी. इससे पिछले एक सप्ताह से राजधानी व संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस ससमय जंकशन पहुंच और खुल रही थीं. लेकिन, शनिवार को जंकशन पहुंचनेवाली राजधानी व संपूर्णक्रांति फिर विलंब से पहुंचीं. राजधानी एक्सप्रेस सात घंटे, तो संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस 13 घंटे विलंब से जंकशन पहुंचीं. इसके अलावा मगध, विक्रमशिला, श्रमजीवी सहित अधिकतर एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों विलंब से जंकशन पहुंचीं. विलंब से पहुंचने की वजह से दानापुर रेल मंडल की आठ ट्रेनों को रिशिड्यूल किया गया.
रद्द होने से नहीं पहुंची अमृतसर-हावड़ा मेल
अमृतसर-हावड़ा मेल लगातार विलंब हो रही है. विलंब होने के कारण लगातार दो दिनों से अमृतसर स्टेशन से खुलनेवाली अमृतसर-हावड़ा मेल रद्द कर दी गयी, जिससे शनिवार को जंकशन पर अमृतसर-हावड़ा मेल नहीं पहुंची. इसके साथ ही कोटा-पटना एक्सप्रेस 25 घंटे विलंब से जंकशन पहुंची. ट्रेनों का परिचालन विलंब होने से पैंट्रीकार का खाना खत्म हो गया, जिससे यात्रियों को खान-पान में काफी मुश्किलें झेलनी पड़ी.
प्लेटफॉर्म पर रात बिताने को मजबूर हुए यात्री
दिल्ली और बेंगलुरू से पटना आनेवाली ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंची, जिससे ट्रेनों को रिशिड्यूल किया गया. शनिवार की शाम 5:35 बजे खुलनेवाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस को रविवार की सुबह छह बजे और शाम छह बजे खुलनेवाली मगध एक्सप्रेस को रात्रि 2:30 बजे रवाना करने की घोषणा की गयी. हालांकि, इन ट्रेनों के यात्री ससमय स्टेशन पहुंच गये थे, लेकिन स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेन रिशिड्यूल की सूचना मिली. इस स्थिति में मजबूरन यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर बिताना पड़ा.
सुबह में छाया रहेगा कोहरा, देर से खिलेगी धूप
पटना. मौसम का मिजाज शनिवार को बदला-बदला रहा. सुबह में हल्का कोहरा, तो दोपहर होते-होते हल्की गरमी भी लगी. राजधानी का अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री व न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिन तापमान ऐसा ही रहेगा. हालांकि, सुबह में कोहरे का असर रहेगा, लेकिन सुबह दस बजे के बाद धूप निकल जायेगी. तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी. जिस कारण लोगों को ठंड का ज्यादा एहसास नहीं होगा.
समय पर उड़ीं फ्लाइटें
आसमान साफ होने की वजह से पटना एयरपोर्ट से सभी फ्लाइटें अपने समय से उड़ीं. पहली उड़ान इंडिगो की दिल्ली के लिए अपने निर्धारित समय से महज 9 मिनट देेर भरी गयी. अन्य फ्लाइट भी अपने समय पर टेकऑफ की. देर शाम के विमानों में भी किसी तरह का समय परिवर्तन नहीं किया गया.
विलंब से पहुंचने वाली ट्रेनें
संपूर्ण क्रांति 14 घंटे
राजधानी 7 घंटे
श्रमजीवी 7 घंटे
मगध एक्सप्रेस 11 घंटे
विक्रमशिला एक्सप्रेस 12 घंटे
संघमित्रा एक्सप्रेस 3:30 घंटे
फरक्का एक्सप्रेस 11 घंटे
महानंदा एक्सप्रेस 14 घंटे
ब्रह्मपुत्रा मेल 9 घंटे
कोटा-पटना एक्सप्रेस 25 घंटे
हिमगिरी एक्सप्रेस 10 घंटे
इन्हें किया गया रिशिड्यूल
राजधानी रात्रि 9:15 बजे
संपूर्ण क्रांति सुबह 6:00 बजे
संघमित्रा रात्रि 11:15 बजे
पटना-कोटा शाम 4:25 बजे
मगध रात्रि 2:30 बजे
राजरानी दोपहर 2:45 बजे
राजेंद्र नगर-तिनसुकिया
शाम 7:00 बजे
पटना-कटिहार इंटरसिटी
शाम 5:55 बजे
