पटना : राज्य सरकार ने नेपाल से सटे वाल्मीकि नगर व सोनपुर के बीच आवागमन सुलभ करने हेतु सड़क निर्माण के लिए सड़क मंत्रालय को प्रस्ताव भेज दिया है. वाल्मीकि नगर व सोनपुर को सीधे जोड़ने के लिए सारण मुख्य तटबंध पर सड़क निर्माण होना है. पथ निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण संबंधी प्रस्ताव केंद्र को भेजा है.
केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की घोषणा के बाद विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर भेजा है. पिछले माह छपरा में ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर के उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने वाल्मीकि आश्रम को हरिहरनाथ मंदिर से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण की घोषणा की थी. उन्होंने राज्य सरकार से उन सड़कों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी मांगी जिसे चौड़ा किया जाना है. पथ निर्माण विभाग स्टेट हाइवे के अलावा महत्वपूर्ण जिला सड़कों को एनएच में बदलने पर विचार कर रही है.
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोनपुर से वाल्मीकि नगर जोड़ने के लिए एनएच 19, एनएच 28 व एनएच 102 को क्रॉस करते हुए सड़क वाल्मीकि नगर जायेगी. सड़क का निर्माण सोनपुर से आगे बढ़ने पर बने सारण तटबंध पर होना है. विभागीय सूत्र ने बताया कि एनएच की स्वीकृति मिलने पर सड़क का पहले फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार होगा. इसकी स्वीकृति मिलने के बाद डीपीआर बनेगा.
