Patna News : उम्र भले ही ढल चुकी हो, लेकिन भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था और दृढ़ संकल्प के आगे हर कठिनाई छोटी पड़ जाती है. इसका जीवंत उदाहरण बुधवार को बिहटा के महमदपुर में देखने को मिला, जब धनबाद की 70 वर्षीय डंडी बम सुमित्रा देवी और लखीसराय की 80 वर्षीय निर्मला देवी गंगोत्री से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर की यात्रा पर यहां पहुंचीं.
तीन माह में तय की करीब 1400 किमी की पदयात्रा
दोनों श्रद्धालुओं ने करीब तीन माह पूर्व गंगोत्री से अपनी पदयात्रा शुरू की थी. नंगे पांव चलते हुए वे अब तक लगभग 1400 किलोमीटर की दूरी तय कर बिहटा के महमदपुर पहुंची हैं. यहां विश्राम के दौरान उनके दर्शन और आशीर्वाद के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े. पूरा क्षेत्र "ॐ नमः शिवाय", "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंज उठा.
श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत
महमदपुर में स्थानीय श्रद्धालुओं ने दोनों महिला डंडी बम का फूल-मालाओं से स्वागत किया. उनके लिए भोजन, पेयजल और विश्राम की व्यवस्था भी की गई. स्थानीय लोगों ने कहा कि इतनी अधिक उम्र में कठिन पैदल यात्रा करना असाधारण साहस और अटूट श्रद्धा का परिचायक है. उन्होंने कहा कि दोनों महिलाओं का संकल्प युवा पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है.
विश्व कल्याण की कामना के साथ जारी है यात्रा
दोनों महिला श्रद्धालुओं ने बताया कि भगवान शिव की कृपा से ही इतनी लंबी और कठिन यात्रा संभव हो रही है. उनका उद्देश्य बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर गंगोत्री का पवित्र गंगाजल अर्पित करना तथा विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की प्रार्थना करना है. यात्रा के दौरान वे प्रतिदिन पैदल चलकर विभिन्न स्थानों पर विश्राम करती हुई आगे बढ़ रही हैं.
सेवा कार्य में जुटे शिवभक्त
महमदपुर में दोनों महिला डंडी बम के स्वागत एवं सेवा के लिए बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे. इस अवसर पर पशुपतिनाथ शर्मा, जयनाथ शर्मा, जयकांत धीरज, सोनू, रौशन कुमार, उमेश सिंह, पंकज कुमार सहित कई श्रद्धालुओं ने सेवा कार्य में भाग लिया. सभी ने दोनों महिला श्रद्धालुओं के साहस, आस्था और संकल्प को नमन करते हुए उनकी सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की.
