पटना : प्रदेश में गुरुवार से बादल छा सकते हैं. दरअसल साइक्लोनिक असर के चलते ऐसा हो रहा है. इसका असर 23 फरवरी तक होने की संभावना है. इस दौरान समान रूप से उत्तरी व दक्षिणी बिहार में बारिश का पूर्वानुमान है.
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक प्रदेश में अधिकतम तापमान अगले छह से सात दिन तक 27 से 29 डिग्री के बीच बना रहेगा. न्यूनतम तापमान में अगले 48 घंटे तक दो से चार डिग्री का इजाफा हो सकता है. हालांकि, बुधवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब ऊपर ही रहा. पटना, गया और पूर्णिया में अधिकतम तापमान 27-28 डिग्री के बीच रहा. भागलपुर में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
न्यूनतम तापमान पूरे प्रदेश में सामान्य के आसपास ही रहा. आधिकारिक जानकारी के मुताबिक खासतौर पर उतरी बिहार में अगले एक हफ्ते तक आठ से दस किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. पुरवा हवा चलने की वजह से फसलों में कीट की संभावना है. किसानों को इस दिशा में विशेष प्रबंध कर लेना चाहिए. खासतौर पर सब्जियों पर कीट का कोप हो सकता है.
